प्रतिनिधि,जमशेदपुर। साइबर ठग समय के साथ-साथ हाईटेक होते जा रहे हैं। साथ ही रोजाना किसी ना किसी को अपना शिकार भी बना रहे हैं। कभी बिजली बिल के नाम पर तो कभी सामान बेचने के नाम पर लोगों से ठगी की घटना को लगातार अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है। जिसके तहत कदमा थाना अंतर्गत शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 4 निवासी श्वेता महतो को ठगों ने अपना शिकार बनाया है और उनसे 41 हजार रुपए की ठगी कर ली है। जिसके बाद उन्होंने सोमवार मामले की लिखित शिकायत थाने में जाकर की।





मामले में उन्होंने कहा कि शनिवार को वे अपने घर में परिचित बागबेड़ा निवासी जयकुमार और उसकी पत्नी पूजा के साथ बैठी हुई थी। इसी दौरान उनके मोबाइल में फेसबुक पर उन्होंने देखा कि सोनारी आर्मी कैंप के आर्मी मैन सुमित कुमार द्वारा ट्रांसफर होने के कारण टीवी, फ्रिज और स्कूटी बेचने से संबंधित एक सूचना दी गई है। जिसमें उसका मोबाइल नंबर भी लिखा हुआ था। यह सूचना देखकर स्वेता के परिचित जय कुमार और पूजा कुमारी ने खरीदने की इच्छा जताई। जिसके बाद उन्होंने उक्त नंबर पर फोन किया तो उन्हें आर्मी मैन बने सुमित कुमार ने अपना व्हाट्सएप नंबर 845 6054 5318 दिया। साथ ही सुमित कुमार ने श्वेता महतो के व्हाट्सएप पर टीवी, फ्रिज और स्कूटी की फोटो भी भेजी। जिसके बाद 12 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। सबसे पहले आर्मी मैन बने ठग ने गूगल पे के माध्यम से रजिस्ट्रेशन के लिए श्वेता से 1500 रुपए भेजने को कहा। जिसे उन्होंने भेज दिया। इसके बाद कभी जीएसटी के नाम पर तो कभी डिलीवरी के नाम पर और कभी टोल ब्रिज में सामान फंसने के नाम पर ठग ने महिला से पैसे की उगाही की। इस दौरान ठग ने कहा कि वह साकची स्थित बालाजी होटल के पास सामान लेकर आ गया है। जिसपर पति सुरेश महतो वहां पहुंचे तो उन्हें कोई सामान नजर नहीं आया। जबकि डिलीवरी ब्वॉय के मोबाइल नंबर 80933 56866 पर कॉल करने से उसने कहा कि वे लोग किसी से नहीं मिलते हैं और सामान सीधे घर पर डिलीवरी करते हैं। जिसके बाद उसने सामान डिलीवरी करने के लिए पुनः 3000 रुपए मांगे तो महिला ने पैसा नहीं होने की बात कही। जिसपर ठग ने कहा कि वह रात भर होटल में रुकेगा। सोमवार की सुबह 7:30 बजे सामान घर पर पहुंच जाएगा। मगर उससे पहले रुपए भेजने होंगे। वहीं आज सोमवार की सुबह 6:30 बजे ठग ने महिला को कॉल कर रुपए भेजने के लिए कहा। जिसपर महिला ने 3000 रुपए भेज दिए। जिसके बाद फिर से ठग ने कहा कि रात भर रुकने के कारण सामान दो दिन रहा है। जिसके कारण उन्हें बतौर लेट फाइन 51 हजार रुपए देने होंगे और तब जाकर सामान मिलेगा। इसपर श्वेता ने कहा कि इतने पैसे उनके पास नहीं है। इसलिए अब वे सामान नहीं लेंगे और उनके दिए हुए पैसे वे लौटा दे। जिसके बाद ठग ने फोन उठाना ही बंद कर दिया। ठग हर बार पैसे लेने के लिए नए गूगल पे नंबर का इस्तेमाल कर रहा था। श्वेता महतो से ठग ने जो भी रुपए ठगे हैं, उसे जय कुमार और पूजा कुमारी ने उसे सामान खरीदने के लिए दिए थे और अब दोनों अपने रुपए वापस मांग रहे हैं। साथ ही नहीं देने पर थाने में शिकायत करने की बात भी कर रहे हैं। अब श्वेता को समझ में नहीं आ रहा है कि वे उसके रुपए शाम तक कैसे लौटाए। उसके पति सुरेश महतो टाटा स्टील में ठेका मजदूरी पर काम करते हैं। फिलहाल पति-पत्नी ने थाने में जाकर घटना की लिखित शिकायत की है।