लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने एक बार फिर अपनी छापामार कार्रवाई से प्रदेश के स्वास्थ्य महकमे में व्याप्त खामियों को उजागर किया। डिप्टी सीएम ने सोमवार को रायबरेली जिले के बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अचानक छापा मारा। चेहरे पर मास्क लगाकर पहले अस्पताल में व्याप्त खामियों को देखा। इसके बाद जिम्मेदारों की जमकर क्लास लगाई।
फटकार के साथ दी कड़ी चेतावनी
उत्तर प्रदेश के तेजतर्रार उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक इन दिनों सरकारी अस्पतालों में अचानक पहुंच रहे हैं। राजधानी लखनऊ के सिविल अस्पताल से शुरू हुआ ये सफर अब प्रदेश के दूसरे जिलों तक पहुंच गया है।सोमवार को बारी थी रायबरेली जिले के बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में खामियों को उजागर करने की। डिप्टी सीएम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चेहरे पर मास्क लगाकर चुपचाप पहुंचे और लाइन में लगकर अपने नाम का पर्चा बनवाया फिर अस्पताल का जायजा लिया।डिप्टी सीएम ने कहा कि जनता ही हमारी ताकत है। इसलिए उनका ख्याल करना आप लोगों की जिम्मेदारी है।गंदगी मिलने पर स्टाफ को फटकार लगाते हुए कड़ी चेतावनी दी।
आपको बता दें कि डिप्टी सीएम ने अपने काफिले को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां से काफी पहले रोक दिया और पैदल ही चल कर अस्पताल पहुंचे थे।यहां पर उन्होंने अपने नाम का पर्चा बनवाया और फिर अस्पताल का जायजा लिया। मरीजों और तीमारदारों से बातचीत की।उन्हें होने वाली दिक्कतों के बारे में बात की। इसके बाद जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई।
डिप्टी सीएम मीडिया से कहा कि आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां, रायबरेली पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं व स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यशैली का औचक निरीक्षण करते हुए चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने व मरीजों को पूरी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। वहीं उन्होंने अपना पर्चा सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ राष्ट्र की नींव होते हैं और प्रदेश को स्वस्थ प्रदेश बनाना हमारा संकल्प है, जिसे पूर्ण करने की दिशा में आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां,रायबरेली में अपना पर्चा बनवाकर जनस्वास्थ्य सुविधाओं व चिकित्साकर्मियों की कार्यशैली का औचक निरीक्षण किया।





