पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।एचसीजी अब्दुल रज्जाक अंसारी कैंसर अस्पताल में एक 7 वर्षीय बच्चा सांस की तकलीफ की शिकायत के साथ आया।अस्पताल में डॉक्टर अभिषेक कुमार ने जांच में पाया कि बच्चे का ऑक्सीजन की मात्रा भी काफी कम है। बच्चे के सीने का एक्सरे करने पर पता चला कि उसके सीने के भीतर मांस का टुकड़ा बढ़ा हुआ है, जो हृदय और फेफड़े पर दबाव बना रहा है, जिसके कारण बच्चे को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।





बच्चे के फेफड़े में पानी भी भरा था। जांच करने पर बच्चे में टी लिंफोब्लास्टिक लिंफोमा नामक कैंसर पाया गया। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया और कीमोथेरेपी दिया गया। 2 दिन की इलाज के बाद बच्चे को आईसीयू से निकल दिया गया। बच्चे की हालत अब बेहतर है और चिकित्सक की मानें तो मेडिकल कोर्स पूरी होने के बाद आशा है कि जल्द ही वह पूरी तरह से ठीक हो जाएगा। बच्चे को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।





आपको बता दें कि डॉक्टर अभिषेक कुमार झारखंड के एकमात्र बाल कैंसर विशेषज्ञ हैं, जो वर्तमान में रांची के एचसीजी अब्दुल रज्जाक अंसारी कैंसर अस्पताल में पीडियाट्रिक ऑनकोलॉजी कंसल्टेंट के पद पर कार्यरत हैं।