जमशेदपुर। लोकसभा आम चुनाव 2024 की तिथियां घोषित होने के साथ ही जिले में अंतर्राज्यीय एवं अंतरजिला चेकनाका सक्रिय हैं। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध शराब, पैसा, ड्रग्स या अन्य फ्रीबिज का अवैध परिवहन नहीं होने पाये जिससे चुनाव प्रक्रिया बाधित किया जा सके इसके मद्देनजर 24X7 चेकनाका सक्रिय हैं तथा उड़नदस्ता एवं स्थाई चेकनाका के माध्यम से मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल द्वारा छोटे– बड़े वाहनों की गहन जांच की जा रही है । इसी क्रम में चाकुलिया के बेंद में स्थापित अंतर्राज्जीय चेकनाका का जिला निर्वाचन पदाधिकारी अनन्य मित्तल एवं वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।



चेकनाका से अनुपस्थित पाये जाने पर 2 जवानों को शो-कॉज



निरीक्षण के क्रम में जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा चेकनाका में पंजी संधारण की जांच की गई। वहीं चेकनाका में तैनात पुलिस बल के दो जवानों के मौके पर अनुपस्थित पाये जाने को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने एसडीपीओ घाटशिला को शो-कॉज करने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित सभी अधिकारियों को सभी चेकनाकाओं के औचक निरीक्षण का भी निर्देश दिया। दो-पहिया, चार पहिया एवं मालवाहक वाहनों की सघनता से जांच नियमित रूप से करने के अलावे किसी वाहन में आपत्तिजनक सामग्री, शराब, ड्रग्स, उपहार व राशि आदि पाई जाती है तो जब्ती की कार्रवाई करते हुए अविलंब वरीय पदाधिकारियों को सूचित करने हेतु निर्देशित किया । मौके पर निदेशक रूरल एसपी, डीटीओ, एसडीएम घाटशिला, उप निर्वाचन पदाधिकारी, एसडीपीओ घाटशिला, बीडीओ एवं सीओ चाकुलिया थाना प्रभारी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।