प्रतिनिधि,जमशेदपुर।डीसी विजया जाधव ने शनिवार परसुडीह खासमहल स्थित सदर अस्पताल पहुंची और इलाजरत टुना सबर से मिलकर इलाज में प्रगति की जानकारी भी ली। वहीं मौके पर मौजूद सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी समेत उसका इलाज कर रहे चिकित्सकों की टीम से इलाज में प्रगति की जानकारी भी ली। इस दौरान चिकित्सकों ने बताया कि टुना सबर के सभी डेड स्किन हटा दिए गए हैं। साथ ही उसकी सेहत में पहले से काफी सुधार है। फिलहाल इंफेक्शन से बचाव को लेकर टुना को आईसीयू विभाग में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। टुना की सेहत में जल्द से जल्द सुधार लाई जा सके। इसके लिए उपायुक्त ने चौबिसों घंटे निगरानी के निर्देश भी दिए हैं। जबकि टुना दंपति का आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया है।





टुना सबर का इलाज कर रहे चिकित्सकों की टीम ने उपायुक्त को बताया कि उसका खानपान अब सामान्य है। जबकि पहले सिर्फ पेय पदार्थ ही दिया जा रहा था। खानपान सामान्य होने से सेहत धीरे धीरे और बेहतर हो जाएगा। चिकित्सकों के परामर्श पर टुना को नियमित नारियल तेल से स्नान कराया जाता है। ताकि धीरे धीरे इंफेक्शन में कमी लाई जा सके।





बताते चलें कि उपायुक्त के आदेशानुसार 1 से 13 फरवरी तक सभी प्रखण्डों में तिथिवार आयोजित किए जा रहे सबर जनजाति के लिए विशेष कैम्प में सभी छूटे हुए लोगों का शत प्रतिशत आधार कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया है। आधार बनाने के साथ साथ पेंशन व आयुष्मान कार्ड बनाने का भी लाभ दिया जाना है। कैम्प में सभी सबर परिवारों का मलेरिया, टीबी, हीमोग्लोबिन, चर्म रोग, आंख जांच, कैल्शियम आदि के जांच के निर्देश भी दिये गए हैं। इसी तरह आंगनबाड़ी केंद्र भेजे जाने वाले उम्र के बच्चों का अनिवार्य रूप से नामांकन समेत अन्य बच्चों का नजदीकी सरकारी विद्यालयों तथा कस्तूरबा व अन्य आवासीय विद्यालय में नामांकन के योग्य बच्चों का भी नामांकन कराने का निर्देश दिया गया है। सभी बीडीओ को सबर टोलों से 1-2 ग्रुप लीडर को चिन्हित करने का निर्देश भी दिया गया है। ताकि उनके दैनिक जीवन में आ रही समस्याओं को तत्काल संज्ञान में लेते हुए समाधान किया जा सके।