प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिले में तिसरी के कोदईबांक डैम में बीते बुधवार की शाम डूबे शोभन टुडू का शव घटना के पांचवें दिन रविवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम ने बरामद किया।
घटना के पांचवे दिन सुबह स्थानीय लोगों ने डैम में शव को तैरता देखा,जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।जिसके बाद बीडीओ मनीष कुमार और थाना प्रभारी संजय नायक एनडीआरएफ टीम के साथ डैम पहुंचे। जहां बोट की मदद से एनडीआरएफ के जवानों ने पानी में तैरते शव को डैम से बाहर निकाला,जिसके बाद मृतक शोभन की पत्नी, पुत्री व परिवार के अन्य सदस्य दहाड़े मारकर रोने लगे।वहीं टीम ने शव को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया,जिसके बाद पुलिस और परिजन थाने गए। जहां पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम में भेजने की तैयारी में जुट गई।
बता दें कि बीते बुधवार की शाम कोदईबांक निवासी 50 वर्षीय शोभन टुडू मछआरे की बात पर मछली पकड़ने के लिए जाल लगाने डैम में उतरा था। जाल लगाने के क्रम में ही वह गहरे पानी में समा गया था,जिसके बाद पुलिस ने स्थानीय तैराकों की मदद से उसकी काफी खोजबीन की,लेकिन कुछ भी पता नहीं चल पाया,जिसके बाद जिला प्रशासन की ओर से एनडीआरएफ की टीम को बुलवाया गया।जहां शुक्रवार और शनिवार को इंस्पेक्टर भूपेश झा के नेतृत्व में एनडीआरएफ की 14 सदस्यीय टीम 2 बोट,2 गोताखोर व अन्य उपकरणों के सहारे डैम में शव को ढूंढती रही,लेकिन कुछ भी पता नहीं चला,जिसके बाद रविवार की सुबह लोगों की नजर डैम में तैरते शव पर पड़ी,जिसके बाद शव को बाहर निकाला गया।
एनडीआरएफ टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर भूपेश झा ने कहा कि पिछले दो दिनों के सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आज सुबह डैम से शव को बरामद कर लिया गया। कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से पिछले कई दिनों से पूरे डैम की तफ़्तीश की गई,जिसके बाद शव को बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया।
मौके पर भाजपा नेता सुनील साव, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रिंकू बरनवाल,सोनू हेंब्रम, डब्लू सिंह, मुखिया प्रतिनिधि उमर फारूख समेत काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी।





