जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी के विधायक और भारतीय जनतंत्र मोर्चा के संरक्षक सरयू राय ने कहा कि भाजपा ने धनबाद से आपराधिक प्रवृति के व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है। उसे अपने फैसले पर विचार करना चाहिए। वहीं उन्होंने कहा कि मुकदमों का अर्धशतक पूरा कर चुके ढुल्लू महतो की विधानसभा सदस्यता एवं लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारी रद्द कराने के लिए कानून सम्मत जो भी कार्रवाई होगी वे करेंगे। यहां तक कहा कि इसके लिए वे भारत निर्वाचन आयोग में भी शिकायत दर्ज कराएंगे। स्वंय के चुनाव लड़ने के संबंध में उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि भाजपा वहां अपना उम्मीदवार बदले। अगर ऐसा नहीं होता है, तो इंडिया गठबंधन वहां चुनाव जीतने वाले प्रत्याशी को उतारे, अगर उसके पास ऐसा कोई प्रत्याशी नहीं है, तो उन्हें समर्थन दे, वे दागदार उम्मीदवार को हराने के लिए चुनावी समर में कूदने के लिए तैयार है। इस संबंध में उनकी कांग्रेस एवं झामुमो नेताओं से वार्ता हुई है। लेकिन कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। गैंगस्टर प्रिंस खान के धमकी भरे वायरल ऑडियो को लेकर उन्होंने बीजेपी और केंद्र सरकार पर हमला बोला। कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने ऐसे कई धमकी देखे हैं इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। उन्होंने धनबाद की जनता से सोच समझकर मतदान करने की अपील की। सरयू राय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए कहा कि ढुल्लू महतो जैसे प्रत्याशियों के मामले में उनका रवैया कहीं ना कहीं उनकी मानसिकता को दर्शा रहा है। इससे धनबाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि ढुल्लू महतो पर 50 से भी अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। न्यायपालिका और चुनाव आयोग को गंभीरता दिखानी होगी। ईडी ने ढुल्लू महतो के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है. पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी गंभीर मामले ढुल्लू महतो पर लगे हैं. जब हेमंत सोरेन सलाखों के पीछे जा सकते हैं तो ढुल्लू महतो के मामले में नरमी क्यों बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि विधानसभा में आवाज उठाने के बाद भी अब तक प्रिंस खान विदेश से नहीं लाया जा सका है यह केंद्र सरकार की विफलता है।