प्रतिनिधि,चतरा। राजकीय इटखोरी महोत्सव का तीन दिवसीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम बुधवार को एक शानदार समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस तीन दिवसीय उत्सव में प्रसिद्ध राष्ट्रीय और क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा नृत्य और संगीत के विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया। समापन समारोह का कार्यक्रम दर्शनीय रहा जिसमें उम्दा प्रस्तुतियों की एक श्रृंखला थी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शाम की शुरुआत प्रकाश कुमार एंड ग्रुप के नृत्य कार्यक्रम से हुई जिसके पश्चात सिमरन शाह एंड ग्रुप द्वारा नृत्य प्रस्तुत किया गया। इन दोनों ही प्रस्तुतिकरण ने श्रद्धा के भाव का आगाज़ करते हुए भारतीय शास्त्रीय और समकालीन नृत्य का एक मिश्रण प्रस्तुत किया।
समापन समारोह की विशिष्ट अतिथि मिस यूनाइटेड नेशन्स अर्थ 2022 की विजेता एंजेल मरीना तिर्की ने झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने की बात कही और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने प्रयासों को सराहनीय बताया। वहीं देर शाम में बीएसएफ हजारीबाग समूह द्वारा साज सज्जा के साथ देशभक्ति गीत संदेशे आते हैं प्रस्तुत किया गया।इस देशभक्ति गीत पर चतरा के एसपी राकेश रंजन ने भी साथ दिया। एसपी राकेश रंजन के भाव से दर्शक प्रफुल्लित हो गए। वहीं सारे गा मा लिटिल चैम्प के रनर नन्हे और प्रतिभाशाली गायक अथर्व बख्शी ने अपने कुछ मधुर गीत प्रस्तुत किए। जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।शास्त्रीय संगीत और लोक संगीत की दक्ष कलाकार मैथिली ठाकुर ने अपने मोहक गीतों से दर्शकों को आनंदित कर दिया। मृणालिनी अखौरी और रोहन देव पाठक ने गायन की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सांसद सुनील सिंह द्वारा राजकीय इटखोरी महोत्सव 2023 के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की पूरी टीम को बधाई दिया गया एवं सक्रिय भूमिका की सराहना की गई। उन्होंने राजकीय इटखोरी महोत्सव का निरंतर कवरेज हेतु मीडिया का धन्यवाद दिया। अंत में सभी कलाकारों और जिला मुख्यालय के पत्रकार सत्येंद्र कुमार मित्तल, संजय कुमार व संजीत मिश्रा को स्मृतिचिन्ह भेट कर समानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद सुनील कुमार सिंह, मंत्री सत्यानन्द भोक्ता, सिमरिया विधायक किसुन कुमार दास, विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी/कर्मी सहित हज़ारों की संख्या में दर्शक मौजूद थे।





