रांची।सूबे की राजधानी रांची में धनतरेत और दिवाली को शहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।इसके लिए राजधानी के थानों के पुलिसकर्मियों और गश्ती दल के अलावा 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैयार रहने के लिए निर्देश हैं। पुलिस बाजारों में सादे कपड़े में तैनात रहेगी।धनतेरस पर बाजार में गहनों और बर्तनों की दुकान के आसपास खास चौकसी रहेगी।इस संबंध में उपायुक्त और एसएसपी ने संयुक्त निर्देश जारी किया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी, अग्निशमन और बाइक दस्ते का गठन किया गया है।





प्रमुख स्थानों पर वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे तैनात





राजधानी रांची पुलिस ने कुछ जगहों को संवेदनशील माना है। ऐसे 27 स्थान चिन्हित किए गए हैं,जहां पुलिस अधिकारी टीम के साथ रहेंगे। राजधानी रांची में भ्रमण कर अपराध वाले हॉटस्पॉट्स को चिह्नित किया गया है। कोतवाली, सुखदेवनगर, पंडरा ओपी, लालपुर, लोअर बाजार, सदर, बरियातू, डोरंडा, अरगोड़ा, जगन्नाथपुर, धुर्वा व तुपुदाना ओपी इलाके में विशेष नजर रखी जाएगी। चिह्नित जगहों पर तैनात जवानों को संदिग्ध लोगों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।





36 बाइक दस्ता तैनात रहेगा





राजधानी रांची में सुरक्षा के लिए विभिन्न इलाकों मे 36 बाइक दस्ता भी प्रतिनियुक्त रहेगा। किसी प्रकार की सूचना के बाद यह दस्ता तुरंत कूच करेगा और स्थिति को नियंत्रिक करेगा।





अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस भी मौजूद रहेंगे





राजधानी रांची के 14 जगहों पर अग्निशमन वाहन तैनात किए जाएंगे।कई प्रमुख जगहों पर एंबुलेंस की भी तैनाती की जाएगी। कंट्रोल रूम में भी एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन रहेंगे। जरूरत पर संपर्क किया जा सकता है।





पंडालों में मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई





काली पूजा में शहर और जिलों के प्रमुख पूजा पंडालों में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति पुलिस बल के साथ की गई है। 13 पूजा पंडालों में मजिस्ट्रेट रहेंगे, जबकि छह विर्सजन स्थलों पर भी उनकी प्रतिनियुक्ति की गई है।





आपात स्थिति से निपटने को पांच क्यूआरटी गठित





आपात स्थिति से निपटने के लिए राजधानी रांची के पांच प्रमुख जगहों पर पुलिस क्यूआरटी की प्रतिनियुक्ति की गई है। क्यूआरटी बूटी मोड़, अल्बर्ट एक्का चौक, पिस्का मोड़, बिरसा चौक, चांदनी चौक व कांके रोड में तैनात रहेगी। दिवाली को लेकर शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और प्रमुख स्थलों में विशेष रूप से जवानों की तैनाती की गई है। सभी प्रमुख चौक-चौराहों में संबंधित थाना के पदाधिकारी के साथ बल की भी प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।