रांची। झारखंड में दीपावली और छठ पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए इंडियन इनर्जी एक्सचेंज से अतिरिक्त बिजली खरीदी जाएगी।झारखंड बिजली वितरण निगम की ओर से इनर्जी एक्सचेंज का 88 करोड़ रुपए का बकाया भुगतान कर अतिरिक्त बिजली खरीदने का निर्णय लिया गया है।केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय की नई व्यवस्था के तहत बिजली खरीद का भुगतान 45 दिनों में करना है।ऐसा नहीं करने पर एक्सचेंज से अतिरिक्त बिजली खरीद पर रोक लग जाती है।
झारखंड पिछले एक हफ्ते से शाम के व्यस्त समय के दौरान अतिरिक्त बिजली नहीं खरीद पा रहा था।अब बकाया भुगतान कर दीपावली पर उपलब्ध से अधिक मांग की स्थिति में इंडियन एनर्जी एक्सचेंज से अतिरिक्त बिजली खरीदने का निर्णय लिया गया है।इसके लिए 88 करोड़ रुपए का बकाया भुगतान किया जाएगा।यह निर्णय ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव अविनाश कुमार के साथ जेबीवीएनएल के अधिकारियों की बैठक में लिया गया।
आपको बता दें कि झारखंड में बिजली की मांग इस समय 2300 मेगावाट है।बिजली आपूर्ति 1900 से 2000 मेगावाट तक ही हो पा रही है।जिससे शाम साढ़े छह से साढ़े आठ बजे के दौरान लोड शेडिंग की नौबत बनी रहती है।इस समय मांग और आपूर्ति में लगभग 300 मेगावाट का अंतर रहता है। शहरों में दो घंटे तक और गांवों में तीन घंटे तक कटौती की मार पड़ती है।दीपावली पर कारखाना,प्रतिष्ठान बंद रहने के कारण बिजली की मौजूदा मांग बढ़ने का ट्रेंड नहीं रहा है।ऐसे में इंडियन एनर्जी एक्सचेंज से दीपावली की शाम अतिरिक्त बिजली की जरूरत नहीं पड़ती है। यदि आवश्यकता बनी तो इंडियन एनर्जी एक्सचेंज से बिजली खरीदी जाएगी।





