दुमका।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा से संबंधित विभिन्न सोशल मीडिया में चल रही खबर और मैसेज को लेकर दुमका डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल ने रविवार को दुमका में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा है कि साहिबगंज जिले में पंकज मिश्रा के खिलाफ दर्ज कोई प्राथमिकी जांच के लिए लंबित नहीं है।पूर्व में जो भी प्राथमिकी दर्ज की गयी थी,उससे जुड़े तथ्यों के आधार पर फाइनल रिपोर्ट पुलिस की ओर से कोर्ट में समर्पित की जा चुकी है।
डीआईजी ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो खबर वायरल हो रही है, उसमें ईडी की कार्रवाई की वजह से साहिबगंज पुलिस द्वारा तथ्यों के प्रतिकूल कार्रवाई की बात कही गयी है,जबकि जो भी केस हैं, उसमें पुलिस द्वारा साक्ष्य व वैज्ञानिक तरीके से जुटाये गए तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई की गयी है।
डीआईजी ने कहा कि तालझारी थाना कांड में सार्वजनिक स्थान पर जातिसूचक संबोधन कर गाली-गलौज करने एवं रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया था।बरहरवा थाना कांड में वादी ने तपन सिंह, दिलीप साह, इश्तेखार आलम, पंकज मिश्रा, आलमगीर आलम समेत 12 अन्य अज्ञात के विरुद्ध मारपीट करने का आरोप लगाया था।इसमें पंकज मिश्रा व मंत्री आलमगीर आलम को निर्दोष पाते हुए रिपोर्ट कोर्ट में सौंपी गयी।





