दुमका।झारखंड के दुमका जिले में एक और लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।बुधवार को एक 15 वर्ष की नाबालिग आदिवासी लड़की का शव काठीकुंड के बड़तल्ला गांव से बाहर पेड़ से लटका हुआ मिला।शव की पहचान काठीकुंड थाना क्षेत्र के आमगाछी गांव की अंजनी सोरेन के रूप में हुई।वह शिकारीपाड़ा में रह कर स्कूल से 10वीं की पढ़ाई कर रही थी।मृतका दुर्गापूजा की छुट्टी में अपने चाचा के घर बड़तल्ला आई थी,जहां से वह शुक्रवार को निकली थी और तब से गायब थी।





काठीकुंड थाना प्रभारी श्यामल कुमार मंडल ने बताया कि मंगलवार शाम परिवारवालों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना थाने में दी थी। बुधवार सुबह उसका शव बरामद किया गया है। शव पूरी तरह से खराब हो चुका है।काफी दुर्गंध आ रही है। इससे पता चल रहा है कि छात्रा की मौत तीन-चार दिन पहले ही हो गई थी।शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।





थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही कहा जा सकता है कि छात्रा ने आत्महत्या की है या किसी ने उसकी हत्या कर दी है।आपको बता दें कि एक महीने पहले 2 सितंबर को दुमका मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीअमड़ा में भी एक 14 वर्षीय लड़की की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया था।





भाजपा ने साधा निशाना





इस मामले पर राज्यसभा सांसद और झारखंड भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने महागठबंधन सरकार पर निशाना साधा है।उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि दुमका में फिर एक आदिवासी बच्ची का शव पेड़ से लटका मिला है। झारखंड की JMM-Congress-RJD के ठगबंधन वाली सरकार में राज्य की मां बेटियां पूरी तरह से असुरक्षित हो चुकी हैं,लेकिन राज्य सरकार सिर्फ जनता की आंखों में धूल झोंककर जनता के पैसों से अखबारों में अपना चेहरा चमकाने में मस्त है।