रांची।झारखंड 15 नवंबर को 22 साल का हो जाएगा।इन 22 सालों में झारखंड विकास पथ की ओर अग्रसर है। इसी कड़ी में झारखंड के लोगों को देवघर एयरपोर्ट की सौगात भी मिली।दिल्ली और काेलकाता के बाद देवघर से राजधानी रांची के लिए भी जल्द विमान सेवा शुरू होगी।इसको लेकर देवघर के सारठ विधायक रणधीर सिंह ने नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से दिल्ली में मुलाकात की और देवघर एयरपोर्ट से रांची के लिए विमान सेवा चालू करने की मांग रखी।रात्रि में विमान की लैंडिंग सुविधा को लेकर भी वार्ता हुई। देवघर से रांची के लिए विमान सेवा जल्द शुरू होने का संकेत नागरिक उड्डयन मंत्री ने दिया है।
संताल परगना के साथ बिहार के कई शहरों में रात्रि विमान सेवा की मिलेगी सुविधा
नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलने के बाद सारठ विधायक रणधीर सिंह ने बताया कि रात्रि में विमान की उड़ान को लेकर आ रही समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। विधायक के मुताबिक मंत्री ने कहा कि जल्द ही देवघर से रांची के लिए विमान सुविधा शुरू होगी।मंत्री से हुई चर्चा के बाद विधायक ने कहा कि देवघर, संताल परगना के साथ ही भागलपुर, बांका, जमुई समेत बहुत आसपास के शहरों के लोगों को आने वाले दिनों में रात्रि में भी विमान सेवा की सुविधा मिलेगी।
दिल्ली और कोलकाता के लिए विमानों में एडवांस बुकिंग शुरू
इधर मौसम साफ होते ही देवघर से दिल्ली और कोलकाता के लिए विमानों में एडवांस बुकिंग शुरू हो गयी है।दीपावली और महापर्व छठ को लेकर विमानों में सीटों की बुकिंग तेज होने से किराए में भी बढ़ोतरी हो रही है।पिछले दिनों देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर संदीप ढिंगरा ने भी संकेत दिए थे कि विमानों की रात्रि में लैंडिंग की सुविधा शुरू होने के बाद रांची और पटना के लिए विमानों की उड़ान शुरू हो जाएगी।





