धनबाद।झारखंड के धनबाद शहर के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के शक्ति मंदिर के पास आशीर्वाद अपार्टमेंट में मंगलवार की शाम करीब 6:30बजे भीषण आग लग गई थी।आग ने धीरे-धीरे भयावह रूप ले लिया।इस अग्निकांड में 15 लोगों ने अपनी जान गंवाई और 18 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।इस भीषण अग्निकांड से शादी की खुशियां आंसू और दर्द में बदल में बदल गई तो वहीं दूसरी तरफ कई परिवार भी उजड़ गए।आशीर्वाद अपार्टमेंट में लगी आग में 14 लोगों की मौत का कारण सामने आ गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि हादसे में तीन लोगों की आग से जलने पर मौत हुई है और 11 लोगों की दम घुटने से मौत हुई है।





अब सिख समुदाय के लोगों ने आगे आकर आशीर्वाद अपार्टमेंट के अग्निकांड पीड़ितों को ठिकाना दिया।जोड़ा फाटक स्थित गुरुद्वारे के द्वार पीड़ितों के लिए खोल दिए गए हैं।इनकी लगभग पचास की संख्या है, इसमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हैं।इनके लिए गुरुद्वारे की ओर से विशेष लंगर की व्यवस्था की गई है। सुबह चाय-नास्ता के साथ बच्चों के लिए दूध-बिस्किट, भोजन की व्यवस्था के साथ दवा भी उपलब्ध कराया जा रहा है।





इस मामले पर फॉरेंसिक टीम पिछले दो दिन से आशीर्वाद अपार्टमेंट में तमाम जगहों पर जांच पड़ताल में जुटी है।टीम ने कई सैंपल भी अपने कब्जे में लिए हैं।टीम ने आशीर्वाद अपार्टमेंट में लगी सीसीटीवी फुटेज को भी जब्त कर लिया है। टीम को एक हफ्ते के अंदर रिपोर्ट तैयार करनी है।





गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के सदस्य रविन्द्र सिंह ने कहा कि इस दुख की घड़ी में बस वे अपना फर्ज पूरा कर रहे हैं।जितनी बड़ी आपदा इन परिवारों के ऊपर आई है।भगवान से बस हम प्रार्थना ही कर सकते हैं कि इन्हें उस दुःख से लड़़ने की शक्ति मिल सके।





पीड़ित महिला ने बताया कि आग लगने के बाद मेरे दो बच्चे हम काफी नर्वस हो गए थे।पता नहीं क्या होने वाला था।फिर भी हम अपने बच्चों को भगवान का नाम लेते हुए छत पर किसी तरह ग्रिल साइट पर खड़े थे। बच्चों को चिल्लाने के लिए मना कर रहे थे ताकि सांस ले सकें।जैसे-तैसे जान बच गई।





प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धनबाद भीषण अग्निकांड पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की राशि देने का ऐलान किया है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अग्निकांड में मरने वाले लोगों के परिवारजनों को राज्य सरकार ने 4 लाख रुपए रूपए की राशि देने का ऐलान किया है।