धनबाद।झारखंड के धनबाद शहर के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के शक्ति मंदिर के पास आशीर्वाद अपार्टमेंट में मंगलवार की शाम करीब 6:30बजे भीषण आग लग गई थी। आग ने धीरे-धीरे भयावह रूप ले लिया।इस अग्निकांड में 15 लोगों ने अपनी जान गंवाई।इस भीषण अग्निकांड से शादी की खुशियां आंसू और दर्द में बदल में बदल गई तो वहीं दूसरी तरफ कई परिवार भी उजड़ गए। अग्निकांड में ना सिर्फ दुल्हन स्वाति के मां, भाई और दादा की मौत हो गई बल्कि उनके चाचा की दो पत्नियों की भी मौत हो गई।स्वाति के चाचा राजगीर इस सदमे को सह नहीं पा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार आशीर्वाद अपार्टमेंट अग्निकांड में राजगीर लाल की दोनों पत्नियां गौरी देवी और पुतुल देवी की भी मौत हो गई।जिस समय यह हादसा हुआ उस समय राजगीर का बेटा दीपक किसी काम से फ्लैट से नीचे उतरा था, जिससे उसकी जान बच गई।राजगीर शादी समारोह में नहीं गए थे।राजगीर ने दो शादियां की थी और वो दुल्हन स्वाति के पिता के मौसेरे भाई हैं।अग्निकांड के बाद राजगीर और बेटा गौरी और पुतुल को तलाशते रहे,लेकिन दोनों नहीं मिलीं। राजगीर को सुबह पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है।
बता दें कि यह भीषण अग्निकांड आशीर्वाद अपार्टमेंट में रहने वाले सुबोध लाल की बेटी स्वाति की शादी के दौरान हुआ।सुबोध दो साल पहले ही आशीर्वाद अपार्टमेंट में परिवार के साथ शिफ्ट हुए थे।सुबोध केले और कॉस्मेटिक का व्यवसाय करते थे।भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए देने का ऐलान किया है।स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जरूरत पड़ने पर घायलों को इलाज के लिए बाहर भी भेजा जाएगा। मंत्री ने बिल्डरों पर कार्रवाई करने का आदेश भी प्रशासन को दिया है।





