धनबाद।झारखंड के धनबाद जिले के मोदीडीह कोलडंप के साथ बांसजोड़ा कांटा घर पर वर्चस्व को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को खूनी संघर्ष बदल गया।बांसजोड़ा गड़ेरिया मिडिल स्कूल स्थित नीमतल्ला में लगभग 12 राउंड गोली चलीं।शूटरों ने जलेश्वर समर्थक 32 वर्षीय मुकेश तुरी को गोली मार दी।मुकेश तुरी के गले में दो गोली लगी है।मुकेश तुरी की हालत गंभीर बनी हुई है।शूटरों ने वारदात में विधायक ढुलू महतो का नाम लिया है।
घायल मुकेश तुरी को एसएनएमएमसीएच से बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेज दिया गया।घटना के बाद भाग रहे दो शूटरों ने ग्रामीणों द्वारा पीछा करने के दौरान दर्जनों राउंड फायरिंग की।घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे शूटर विक्की मालाकार और विक्की गुप्ता केंदुआ निवासी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली, बाइक के टूल बॉक्स से पिस्टल, एक दर्जन बाइक जब्त की।
पकड़े गए शूटरों के बयान के मुताबिक राजकुमार महतो और असलम मंसूरी उर्फ राम रहीम की हत्या की योजना थी। घटना को अंजाम दिलाने के लिए विधायक ढुलू महतो पर पांच लाख रुपए की सुपारी देने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने दो शूटर को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। वहीं उनका समर्थक गाड़ी हटाने के दौरान पुलिस को देख भागने लगा, तभी पुलिस ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया।पुलिस पकड़े गए शूटरों से पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर 12 बजे की है।मुकेश तुरी दोपहर में आउटसोर्सिंग मजदूर अपने साथियों के साथ एकड़ा जोरिया नदी से नहाकर घर लौट रहा था। गड़ेरिया मिडिल स्कूल स्थित नीमतल्ला में गाड़ियों में 30-40 लोग कुछ खा पी रहे थे और बोल रहे थे कि यहां के बाद हम लोग राजकुमार महतो और असलम मंसूरी उर्फ राम रहीम पर हमला कर उसकी आज हत्या कर देंगे।इसे सुनकर मुकेश तुरी ने विरोध किया।इसको लेकर ढुलू समर्थक और शूटरों ने मुकेश तुरी पर हमला बोल दिया और मारपीट कर उसपर दो गोली चला दी। मुकेश तुरी वहीं लहूलुहान होकर बेहोश हो गया।
मौके पर मौजूद दो साथियों ने चिल्लाते हुए गांव वाले को बुलाया।गांव वालों को आता हुआ देखकर शूटर बाइक छोड़कर भाग गए। हालांकि इस दौरान शूटरों के दर्जनों राउंड गोली चलाने की बात कही गई।ग्रामीणों ने दौड़ा कर शूटर विक्की मालाकार और विक्की गुप्ता को पकड़ लिया। कुछ समय बाद बाइक हटाने गए घल्टू भट्टाचार्य पुलिस को देखकर भागने लगा तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।इधर जोगता निवासी बाबर अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
शूटरों ने कहा, ढुलू ने दी थी मारने की सुपारी
शूटर विक्की मालाकर और विक्की गुप्ता ने ग्रामीणों और पुलिस के सामने ही घटनास्थल पर कहा कि विधायक ढुलू महतो ने राम-रहीम की हत्या करने के लिए उन्हें पांच लाख रुपए की सुपारी दी थी।इसमें से एक लाख 70 हजार रुपए उन्हें पहले दिया गया था। घटना को अंजाम देने के लिए वे दोनों पहुंचे थे। साथ में 30-40 अन्य लोग भी सहयोग में मौजूद थे।
विधायक को गिरफ्तार करे प्रशासन
राजकुमार महतो, हरेंद्र चौहान और राम-रहीम ने कहा कि विधायक ढुलू महतो ने उनकी हत्या की साजिश रची थी। गोलीकांड के दोनों शूटर समेत उनका एक समर्थक पकड़ा गया हैं।जिला प्रशासन गोलीकांड की उच्चस्तरीय जांच करे और शूटरों द्वारा घटना की स्वीकृति के अनुसार विधायक पर मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करे।
प्रशासन सीबीआई जांच कराए ढुलू
विधायक ढुलू महतो ने कहा कि गोलीकांड से उनका कोई लेना-देना नहीं है। बेवजह उनका नाम घसीटा जा रहा है। गोलीकांड जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासन सीबीआई से जांच कराए।पकड़े गए युवक का कॉल डिटेल्स निकाले,मोबाइल लोकेशन ट्रैक करे। दूध का दूध-पानी का पानी हो जाएगा। प्रशासन क्रिमनल व गुंडों को बढ़ावा नहीं दे।





