प्रतिनिधि,चतरा। जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में सोमवार को माओवादियों के साथ हुई पुलिस मुठभेड़ की सफलता के बाद राज्य के नवनियुक्त डीजीपी अजय कुमार सिंह मंगलवार को हवाई मार्ग से लावालौंग पहुंचे। जहां सबसे पहले उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया,जिसके बाद डीजीपी का काफिला लावालौंग सीआरपीएफ कैंप पहुंचा। सीआरपीएफ कैंप में डीजीपी ने मुठभेड़ में शामिल जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उनके बीच इनाम की राशि का वितरण किया।





पत्रकारों से बात करते हुए डीजीपी अजय कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के नेतृत्व में झारखंड राज्य में भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के विरूद्ध रणनीति युक्त लगातार करारा प्रहार किया जा रहा है। शीर्ष उग्रवादियों की धर-पकड़ के लिए झारखंड पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे योजनाबद्ध नक्सल अभियान काफी प्रभावशाली सिद्ध हो रहे हैं। झारखंड के चतरा एवं पलामू के सीमांत इलाके में झारखंड पुलिस की गुप्त सूचना पर भाकपा माओवादी) के इस इलाके में सबसे सक्रिय एवं कुख्यात मारक दस्ते पर बड़ी कार्रवाई हुई है। चतरा पुलिस, 203 कोबरा टीम तथा सीआरपीएफ 134 बटालियन के जवानों ने पांच शीर्ष नक्सलियों को मार गिराया है। इस संयुक्त अभियान में नक्सलियों का एक बड़ा कैंप भी ध्वस्त कर दिया गया है। अत्याधुनिक हथियार, गोलियों के जखीरे के साथ अन्य जरूरी समानों की भी बरामदगी हुई है। चतरा-पलामू सीमांत इलाके पर मिली बड़ी सफलता से नक्सलियों की कमर टूट गई है। झारखंड बिहार स्पेशल एरिया कमिटी सदस्य गौतम पासवान की टीम को माओवादियों के एक सशक्त दस्ते के रूप में जाना जाता था जो लगातार कई वर्षों से पुलिस बल एवं आम लोगों को क्षति पहुंचा रहा था। यह झारखंड पुलिस के लिए बहुत बड़ी सफलता है। उग्रवाद उन्मूलन में झारखंड पुलिस की चौतरफा कार्रवाई जारी है। झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ कुशल नेतृत्व, रणनीति और दृढ़ संकल्प के साथ नक्सलियों के खात्म के लिए कटिबद्ध है। पुलिस का दावा है अन्य नक्सली भी पुलिस के गोली से घायल हुए जिसकी पड़ताल जारी है। मुठभेड़ के बाद चतरा जिला के पुलिस जवानो के हौसले बुलंद है।





उन्होंने कहा कि आगे भी नक्सलियों के विरुद्ध अभियान चलता रहेगा।मौके पर सीआरपीएफ के अपर पुलिस महानिदेशक वितुल कुमार,अपर पुलिस महानिदेशक(अभियान) संजय आनन्द लाटेकर,सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विधि कुमार बिरदी, पुलिस महानिरीक्षक(अभियान) अमोल वी० होमकर,दिलीप चौधरी, पुलिस उप-महानिरीक्षक, अभि सीआरपीएफ बोकारो, राकेश रंजन पुलिस अधीक्षक, चतरा, मनोज कुमार समादेष्टा सीआरपीएफ 190 बटा, चतरा, राजीव कुमार, समादेष्टा कोबरा 203 बटा0 बरही, वेद प्रकाश त्रिपाठी, समादेष्टा सीआरपीएफ 11 बटाo लातेहार एवं अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहें।