प्रतिनिधि,बालूमाथ। लोकसभा चुनाव 2024 में निर्वाचन ड्यूटी में लगे सरकारी कर्मियों ने पोस्टल बैलेट के माध्यम से शुक्रवार को बालूमाथ स्थित राजकीय कृत उच्च विद्यालय में बनाये गए मतदाता सुविधा केंद्र में अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान किया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त लातेहार गरिमा सिंह के निर्देश पर चतरा लोकसभा तथा अन्य लोकसभा क्षेत्र के सरकारी कर्मियों के लिए अलग-अलग दो मतदान केंद्र बनाये गए थे।अन्य लोकसभा क्षेत्र में पचपन वोटर बालूमाथ प्रखंड से नामित थे। चतरा लोकसभा के नामित मतदाताओं के लिए बनाए गए मतदान केंद्र के लिए चंदवा के अंचल अधिकारी जय शंकर पाठक को अटेस्टेशन प्रभारी बनाया गया था।जबकि पोलिंग पदाधिकारी के रूप में डीके वर्मा, अंचला रानी एवं ललिता कुमारी तैनात रहे।अन्य लोकसभा क्षेत्र के लिए बनाये गए मतदान केंद्र में अटेस्टेशन प्रभारी के रूप में जिला मृदा पदाधिकारी मुक्ता रानी जबकि पोलिंग पदाधिकारी के रूप में पृथ्वी राज,रूचि शर्मा तथा संध्या गुप्ता तैनात थे। बारी बारी से नामित मतदाता आकर मतदान कर रहे थे।
पुलिस निरीक्षक परमानंद बिरुवा,बारियातु थाना प्रभारी राजा दिलावर एवं पुलिस सब इंस्पेक्टर चंद्रशेखर दुबे ने आम मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र का महापर्व में आम मतदाता अपनी भागीदारी अवश्य निभाए। समाचार लिखे जाने तक चतरा लोकसभा के नामित मतदाताओं के लिए बनाए गए मतदान केंद्र में नौ वोट पड़े थे, जबकि अन्य लोकसभा के नामित मतदाताओं के लिए बनाए गए मतदान केंद्र में सात वोट पड़े थे।
मतदाता सुविधा केंद्र की फेसिलिटेशन इंचार्ज बालूमाथ अंचल अधिकारी तृप्ति विजया कुजूर ने बताया कि चतरा लोकसभा के नामित सरकारी कर्मी 13 मई तक मतदाता सुविधा केंद्र में आकर अपना मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। जबकि अन्य लोकसभा के लिए नामित सरकारी कर्मी 25 मई तक मतदाता सुविधा केंद्र में आकर अपना मत दे सकते हैं।





