जमशेदपुर।मानगो के बाद परसुडीह थाना की पुलिस ने ब्राउन शुगर के तीन सप्लायरों को कीताडीह में छापेमारी कर गिरफ्तार किया। जिसमें परसुडीह कीताडीह मसजिद रोड के रहने वाले जावेद खान,कीताडीह गाड़ीवान पट्टी निवासी शकील अहमद और परसुडीह मनसा मंदिर के पास रहने वाला सुरेश यादव उर्फ सन्नी यादव शामिल है।वहीं मामले का खुलासा मंगलवार एसपी सिटी के. विजय शंकर ने परसुडीह थाने में आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों के समक्ष किया।वार्ता में सीसीआर डीएसपी अनिमेष गुप्ता और परसुडीह थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा भी मौजूद थे।
वार्ता के दौरान एसपी सिटी ने बताया कि तीनों के पास से पुलिस ने 154 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया है।गिरफ्तार तीनों आरोपी ब्राउन शुगर सप्लायर है। साथ ही तीनों ने पूछताछ के क्रम में अपने गिरोह के साथियों का नाम भी पुलिस को बताया है।जिसके बाद पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है। फिलहाल तीनों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दूसरी ओर परसुडीह थाना अंतर्गत कीताडीह से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर की बरामदगी में थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा को पूर्व में भी रिवार्ड मिल चुका है।बताया जा रहा है कि आरोपियों द्वारा उन्हें रिश्वत देकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया जा रहा था। मगर थाना प्रभारी ने उनकी बातों को अनसुनी कर वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना देकर सभी को जेल भेज दिया।
छापेमारी दल में सीसीआर डीएसपी अनिमेष गुप्ता, परसुडीह थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा, एसआई अरूण कुमार महतो, एएसआई सतीश कुमार पांडेय, संतोष लाल टुडू, महमूद आलम, हवलदार राजकुमार सिंह, आरक्षी 2226 बिरसा तिर्की और चालक आरक्षी 1144 राजकिशोर यादव शामिल थे।





