प्रतिनिधि,जमशेदपुर। परसुडीह थाना अंतर्गत सालगाझड़ी रेलवे फाटक के पास गालूडीह हरचाली से आकर ताड़ी बेचने वाले मामा टुनटुन चौधरी और भगना प्रदीप चौधरी पर बाइक सवार दो युवकों ने सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे पैसा मांगने पर हमला कर घायल कर दिया। जिसके बाद बाइक सवार युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ा। साथ ही घायल मामा भगना को इलाज के लिए ऑटो से एमजीएम अस्पताल भिजवाया। जहां मामा का इलाज इमरजेंसी में चल रहा है।घटना में मामा टुनटुन चौधरी के चेहरे पर गहरे जख्मी हुए हैं।
मामले में भगना प्रदीप चौधरी ने बताया कि वह मामा के साथ रोजाना ट्रेन से आकर यहां ताड़ी बेचता है। आज सुबह बाइक से दो युवकों ने आकर ताड़ी पी और बिना पैसे दिए ही जाने लगे। जब उनसे पैसे की मांग की गई तो एक युवक ने बोतल मेरे चेहरे पर दे मारा। जिससे बोतल टूट गई। वहीं जब मामा टुनटुन चौधरी ने इसका विरोध किया तो टूटे हुए बोतल से युवकों ने उनके चेहरे पर हमला कर दिया। जिससे काफी खून निकलने लगा। घटना की सूचना मैंने तुरंत ही थाने को दी। इस दौरान अन्य दुकानदारों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। फिलहाल घायल मामा का इलाज अस्पताल में चल रहा है।





