रांची।झारखंड में अगले पांच दिनों तक धूप-छांव की हालत बनी रहेगी।चल रही पछुआ गर्म हवा से पलामू प्रमंडल और इसके निकटवर्ती क्षेत्र में गर्मी रहेगी और कई जगहों पर लू चलेगी।
राज्य के उत्तर पूर्वी भाग में संताल परगना, दक्षिण भाग में सरायकेला-खरसावां, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम में बंगाल की खाड़ी से आ रही पुरवाई हवा से नमी बनी रहेगी। इससे आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है।पलामू प्रमंडल के चार जिले समेत कुछ अन्य जगहों पर मंगलवार को शरीर झुलसाने वाली गर्मी से लोग बेहाल रहे।
झारखंड में मेदिनीनगर सबसे अधिक तापमान 45.7 डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया।बोकारो में गर्म रात रही। इसके अलावा राजधानी रांची समेत अन्य जगहों पर आर्द्रता बढ़ने से दिनभर उमस भरी गर्मी रही।
झारखंड के बोकारो थर्मल, चाईबासा, रामगढ़, जमशेदपुर, गढ़वा, लातेहार और चतरा में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।मौसम में हुए बदलाव के बीच मंगलवार को राजधानी रांची, गुमला, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा में कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के बहाव के बीच बारिश हुई।





