विशेष संवाददाता
रांची। ओरमांझी, नामकुम और मांडर में कार्यशाला का सफल आयोजन के बाद पिरामल फाऊंडेशन द्वारा अनगड़ा प्रखण्ड के चयनित तीन पंचायत अनगड़ा, हेसल और चिल्दाग में एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं ब्लॉक प्रमुख की अध्यक्षता में सक्षम ग्राम पंचायत के तहत एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर राजू सिंह द्वारा नीति आयोग के संकेतक शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के प्रखंड स्तर पर क्रियान्वयन की जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि कैसे स्वास्थ्य और पोषण में सबका सहयोग लेकर आंगनवाड़ी को और सुदृढ़ बनाया जा सकता है। साथ ही सहिया-सेविका को कैसे सशक्त बनाया जा सकता है इस पर चर्चा की गयी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आंकड़ों के अनुसार 5 करोड़ बच्चों के आधारभूत भाषा और गणित के ज्ञान में कमी आई। जिससे उनके बुनियादी साक्षरता का स्तर कमजोर हुआ, जिसको 2025-2026 तक संपूर्ण भारतवर्ष में एफएलएन कार्यक्रम पर काम करते हुए मजबूत करना है। एफएलएन कार्यक्रम के तहत पंचायत के विद्यालयों में स्टूडेंट/स्कूल लर्निंग आब्जेक्टिव बढ़ाने हेतु बिल्डिंग ऐज लर्निंग ऐड, बाल संसद, असेंबली एवं पुस्तकालय जैसे महत्तवपूर्ण गतिविधि पर ध्यान केंद्रित किया जायेगा और इसके अलावा स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधित सभी नीति आयोग के महत्त्वपूर्ण आंकड़ों और बिंदुओ पर कार्य किया जाएगा।
वीएचएसएनडी के दिन होने वाले प्रसव पूर्व देखभाल एवं प्रसव पश्चात देखभाल के साथ-साथ क्षेत्र के 0-5 साल तक के सभी बच्चों को नियमित टीकाकरण कराने पर बल दिया जाएगा एवं आंगनवाडी केन्द्र पर उपलब्ध संसाधनों को सहज बनाने पर भी कार्य किया जाएगा।
कार्यशाला में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा पंचायत के मुखिया को प्रखंड में चयनित पंचायतों को सक्षम पंचायत बनाने हेतू सभी महत्त्वपूर्ण गतिविधियों पर पिरामल फाउंडेशन को सहयोग देना सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही हर महीने इन गतिविधियों पर संज्ञान लेते हुए मार्गदर्शन लिया जायेगा।
कार्यशाला मे प्रखंड विकास पदाधिकरी, प्रखंड प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, पंचायत मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, बाल विकास परियोजना अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित हुए। वहीं पिरामल फाउंडेशन के तरफ से प्रोग्राम मैनेजर राजू सिंह, प्रोग्राम लीड मो अफसर, गांधी फेलो निधि तिवारी और गांधी फेलो कृति सिंह मौजूद थे।





