लखनऊ।वाराणसी के लोहता से गिरफ्तार पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया का सदस्य अब्दुल्ला सउद अंसारी के नेतृत्व में कानपुर में बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रची गई थी। अब्दुल्ला से पूछताछ के बाद सोमवार को एनआईए और एटीएस ने कानपुर में कई स्थानों से आधा दर्जन से अधिक स्लीपर सेल को उठाया है।इसके अलावा अब्दुल्ला के फोनबुक और लैपटॉप से मिली गुप्त जानकारी के बाद से कानपुर में भी एनआईए अलर्ट हो गई है।
कई मदरसों के संपर्क में था अब्दुल्ला
लगभग एक सप्ताह पहले वाराणसी में पकड़े गए पीएफआई के सदस्य अब्दुल्ला का कानपुर कनेक्शन सामने आया है। पुलिस की जांच में उसके पास से शहर के कई मदरसों के संबंध में जानकारी मिली है।जानकारी के मुताबिक अब्दुल्ला ने कई बार कानपुर का दौरा भी किया है। अब्दुल्ला के रिमांड पर लिए जाने के बाद हुई पूछताछ में कानपुर कनेक्शन की बात कबूली है।
अब्दुल्ला के कानपुर कनेक्शन से एनआईए अलर्ट
कानपुर के कई मदरसों में एनआईए की चार सदस्यीय टीम पूछताछ में जुटी है।दो दिनों से टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में एक दर्जन संदिग्धों के यहां दस्तक दी है।इन्हें अब्दुल्ला के नेटवर्क से जोड़कर देखा जा रहा है।
पीएफआई के सदस्यों को पहले भी उठा चुकी टीम
मिली जानकारी के अनुसार एनआईए प्रतिबंधित संगठन पीएफआई के खिलाफ तेजी से काम कर रही है।कानपुर और आसपास के इलाकों में इससे पूर्व एटीएस और एनआईए की संयुक्त टीमों ने एसटीएफ की मदद से पीएफआई की पॉलिटिकल विंग के 18 सदस्यों को उठाकर पूछताछ की थी। वहीं एनआईए के अफसरों ने दो दिनों में कानपुर के जाजमऊ, अनवरगंज, नौबस्ता में एक दर्जन संदिग्धों के यहां दस्तक दी है।सूत्रों का कहना है कि दो से तीन लोगों को दिल्ली भी पूछताछ के लिए ले जाया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब्दुल्ला का टारगेट युवा थे। अब्दुल्ला युवाओं को जेहाद का नारा देकर उन्हें बरगलाता था। अब्दुल्ला के लैपटॉप में कई मदरसों की जानकारी मिलने की बात सामने आई है।अब्दुल्ला ने कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।





