रांची। झारखंड की निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल के खिलाफ मनी लांड्रिंग मामले में चल रही प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई अवैध खनन,अवैध परिवहन से लेकर राज्य में ट्रांसफर-पोस्टिंग तक जा पहुंची है। ट्रांसफर पोस्टिंग के खातिर झारखंड में कितने की बोली लगती है,रकम कहां-कहां पहुंचती हैं,कौन कितना-कितना लेता है,कैसे डीलिंग होती है,सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां ईडी ले रही है। बताया जा रहा है कि राजनेताओं और नौकरशाहों का करीबी प्रेम प्रकाश झारखंड में ट्रांसफर-पोस्टिंग में सबसे अधिक एक्टिव रहा है। प्रेम प्रकाश पिछले तीन दिनों से ईडी की घेराबंदी में है।प्रेम प्रकाश शुक्रवार को एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी ऑफिस पहुंचा, ईडी के अधिकारियों ने लंबी पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि प्रेम प्रकाश पर ईडी की घेराबंदी ने कई नौकरशाहों की नींदे उड़ा कर रख दी है। प्रेम प्रकाश को सबसे बड़ा राजदार बताया जा रहा है और ईडी को कई खास जानकारियां मिलने की उम्मीद है।ईडी की टीम प्रेम प्रकाश के सहारे छिपी कुछ बड़ी मछलियों तक पहुंचने की फिराक में है। प्रेम प्रकाश से पहले ईडी ने कुछ राजनेताओं और नौकरशाहों के काले धन का निवेश करने के शक में विशाल चौधरी और निशित केशरी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी सूत्रों की मानें तो यहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, करोड़ों रुपए के लेन-देन से संबंधित दस्तावेज मिले हैं, जिसकी समीक्षा चल रही है।
ईडी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जांच की कड़ी में अब जिला परिवहन पदाधिकारी भी शामिल हो रहे हैं। जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) के बाद अब जिला परिवहन पदाधिकारी भी ईडी की जांच के घेरे में हैं। बताया जा रहा है कि अवैध खनिज परिवहन के मामले में ईडी के अधिकारी पूछताछ करेंगे। पहले पलामू और साहिबगंज के जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) से पूछताछ होगी। डीटीओ से ईडी के अधिकारी यह जानकारी लेंगे कि उन्होंने अपने जिले में अवैध खनिज के परिवहन के खिलाफ कितनी कार्रवाई की। कितने मामले दर्ज कराए और इसे रोकने के लिए क्या पहल की।
निलंबित आईएएस पूजा सिंघल और उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन कुमार रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार में हैं। सुमन कुमार के पास से 19.31 करोड़ रुपए की बरामदगी हुई थी।सुमन कुमार ने बताया था कि बरामद राशि में अधिकांश राशि पूजा सिंघल से संबंधित थीं, जिसे उसने पूजा सिंघल के कहने पर वसूली थी। इस मामले में पूछताछ में कई जिला खनन पदाधिकारियों का नाम भी सामने आया था। ईडी ने संथाल के पाकुड़, दुमका व साहिबगंज जिले के जिला खनन पदाधिकारियों से पूछताछ पूरी कर ली है।
ईडी ने एक दिन पहले चाईबासा, सरायकेला, हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा जिले के जिला खनन पदाधिकारियों से पूछताछ की थी। अभी तक हुई पूछताछ के बाद ही ईडी की घेराबंदी अब राजनेताओं-नौकरशाहों तक पहुंचने के लिए हो रही है। इसी कड़ी में पहले विशाल चौधरी, निशिथ केशरी और अब प्रेम प्रकाश से पूछताछ हो रही है।





