प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बीते मंगलवार की संध्या सिदगोड़ा थाना अंतर्गत एग्रिको क्रॉस रोड नंबर 4 क्वार्टर नंबर 31 से पुलिस ने तीन आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। जिसके बाद पुलिस तीनों को पकड़कर थाने ले आई। जहां एसआई नितेश कुमार ठाकुर के बयान पर तीनों आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर बुधवार सभी को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जिसमें टेल्को जेम्को महानंद बस्ती निवासी राकेश कुमार पोद्दार, गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी विनोद कुमार कामत और राहुल सिंह शामिल है। गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार पोद्दार हाट बाजार में कपड़े बेचने का काम करता था। जबकि विनोद कुमार कामत टिनप्लेट कंपनी और राहुल सिंह टाटा मोटर्स कंपनी में ठेकेदार के अंतर्गत काम करता था।
इस मामले में पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र में घट रही चोरी की घटना और 14 फरवरी वैलेंटाइन डे को लेकर मंगलवार की संध्या पुलिस की टीम बाइक से गश्ती करने के लिए निकली। वहीं गश्ती के दौरान टीम जब एग्रिको क्रॉस रोड नंबर 4 से गुजर रही थी तो उन्होंने टाटा स्टील कंपनी के सामने से बंद क्वार्टर नंबर 31 के पीछे वाले कमरे में बत्ती जलते हुए देखा। जिसके बाद शंका होने पर पुलिस क्वार्टर के पीछे वाले दरवाजे से अंदर घुसी तो वहां राकेश कुमार पोद्दार और विनोद कामत को बैठे हुए पाया।तलाशी लेने के क्रम में पुलिस ने बिस्तर के नीचे से अवैध देसी कट्टा भी बरामद किया। साथ ही राकेश कुमार पोद्दार के पास से पुलिस ने नगद 40 हजार रुपए भी बरामद किए।
पूछताछ में दोनों आरोपी ने बताया कि बरामद देसी कट्टा उन्हें जमशेदपुर सिविल कोर्ट में हथियार के साथ गिरफ्तार अपराधी अंशु चौहान ने रखने के लिए दिया था। क्वार्टर भी उसी ने रहने के लिए दी है। दोनों ने कमरे में रहने वाले अपने तीसरे साथी राहुल सिंह का नाम भी पुलिस को बताया। जो उस वक्त खाना लेने के लिए बाहर गया था। जिसके बाद पुलिस उसका इंतजार करने लगी। जैसे ही खाना लेकर राहुल सिंह कमरे में पहुंचा, वैसे ही पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया। टीम में एसआई नितेश कुमार ठाकुर समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। फिलहाल पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।





