रांची।देश की सुर्खियों में छाई झारखंड की आईएएस पूजा सिंघल,पति अभिषेक झा उनका करीबी सीए सुमन कुमार और सरावगी बिल्डर्स के आलोक सरावगी से ईडी ने शुक्रवार को गहन पूछताछ की।पूछताछ के दौरान पल्स अस्पताल और पल्स डायग्नोस्टिक सेंटर में निवेश और भूईंहरी जमीन की खरीद व ग़लत तरीके से 23 करोड़ का लोन लेने के मामले में पूजा सिंघल उलझ गईं।





पूछताछ के दौरान पूजा सिंघल तबीयत खराब होने और बीपी बढ़ने की शिकायत की।इसके बाद लगभग एक घंटे पूछताछ रोकनी पड़ी,लेकिन बाद में पूजा सिंघल से पूछताछ हुई।इसके अलावा ईडी की एक दूसरी टीम ने पूजा सिंघल और सीए सुमन कुमार द्वारा हैंडल किए जाने वाली शेल कंपनियों से जुड़े बोकारो, धनबाद के कुछ व्यवसायियों से भी सवाल-जवाब किए।इनको अलग से नोटिस जारी कर बुलाया गया था।पल्स अस्पताल की जमीन से जुडी सारी रिपोर्ट ईडी अब रांची जिला प्रशासन से लेगी और इस संबंध में रांची जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौखिक सूचना दी है। जल्द ही पत्राचार भी किया जाएगा।





मिली जानकारी के अनुसार ईडी ने शुक्रवार को आलोक सरावगी,अभिषेक झा और पूजा सिंघल से जमीन के नेचर के संबंध में पूछताछ की।ईडी ने पूछा कि गलत तरीके से बैंक लोन दिलाने में कौन-कौन भागीदार थे, जिला प्रशासन की तरफ से कैसे जमीन को लेकर क्लीयरेंस मिली।अस्पताल के नक्शा समेत अन्य पहलुओं पर भी पूछताछ हुई,लेकिन किसी का स्पष्ट जवाब पूजा सिंघल या अन्य लोग नहीं दे सके।





ईडी की जांच में ये बात सामने आई है कि डीएम‌ स्तर के अधिकारियों ने पूजा सिंघल को पैसे पहुंचाए थे।ये पैसे बड़े लोगों तक भी पहुंचने थे।जांच में आए तथ्यों के बाद ईडी ने संताल इलाके के साहिबगंज, पलामू और दुमका के डीएम को समन किया है।तीनों से आज शनिवार को पूछताछ होगी।





आपको बता दें कि पूछताछ के दौरान सुमन कुमार ने स्वीकार किया था कि पैसों का बड़ा हिस्सा पूजा सिंघल का है, वहीं उसने यह भी कबूला था कि पूजा सिंघल के कहने पर यह पैसे अलग अलग जगहों से रिसीव किए गए थे।