पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,चतरा। पिछले दिनों चतरा सदर अस्पताल में पानी की किल्लत और बदहाली की खबर छपने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया।जिला उपायुक्त रमेश घोलप ने चतरा सदर अस्पताल में मरीजों की परेशानी पर संज्ञान लेते हुए चतरा सदर अस्पताल के सिविल सर्जन को अविलंब अस्पताल में पेयजल समस्या के निराकरण का निर्देश दिया। उपायुक्त के निर्देश के आलोक में अस्पताल प्रबंधन द्वारा अस्पताल में पेयजल की सुविधा को बहाल किया गया। खराब मोटर की मरम्मत की गई। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों ने राहत की सांस ली। इसके अलावा भी मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन द्वारा मरीजों को दिए जाने वाले भोजन, फल और दूध पर भी सवालिया निशान खड़े किए थे। इस पर भी संज्ञान लेते हुए सदर अस्पताल के सिविल सर्जन अस्पताल कर्मियों को स्थिति में सुधार करने का निर्देश दिया। कुल मिलाकर अस्पताल में भर्ती मरीजों ने पेयजल की व्यवस्था को सुचारु करने से राहत की सांस ली है।