देवघर।श्रावणी मेले से पहले देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारी पूरी हो चुकी है।एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सभी तरह के टेक्निकल और सिविल वर्क की तैयारी पूरी कर ली है।अथॉरिटी के अनुसार खूबसूरती में देवघर एयरपोर्ट पूर्वोत्तर भारत में सबसे खूबसूरत होगा और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।





देवघर एयरपोर्ट के गार्डेन का लुक और टर्मिनल का आउटडोर सबसे ज्यादा आकर्षित करता है।टर्मिनल के अंदर आदिवासी नृत्य की कलाकृतियां और बाहर कांवर यात्रा की कलाकृतियां हैं। टर्मिनल के बाहर 30 मीटर का तिरंगा भी लगाया गया है।सोलर पैनल,कार पार्किंग और यात्री सुविधा के साथ-साथ बिजली भी देवघर एयरपोर्ट को मुहैया करायेगी।





गुरुवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन संजीव कुमार के साथ गोड्डा सांसद डॉ.निशिकांत दुबे की बैठक भी हुई।बैठक में भविष्य में भी देवघर एयरपोर्ट की सुविधा बढ़ाने पर विचार किया गया।सांसद ने चेयरमैन को कहा कि देवघर एयरपोर्ट में होटल कॉन्सेप्ट की योजना तैयार करें।देवघर धार्मिक और पर्यटन केंद्र है।यहां आने वाले कई गेस्ट एयरपोर्ट में भी रुक सकते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में टर्मिनल को दो मंजिला बनाने का भी ब्लू प्रिंट तैयार कर लेना है।केंद्र सरकार देवघर एयरपोर्ट पूरी तरह से सुविधायुक्त करने में राशि देने को तैयार है।चेयरमैन ने इस सुझाव पर सहमति भी जताते हुए कहा कि श्रावणी मेला से पहले एयरपोर्ट के उद्घाटन पूरा प्रयास एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया कर रहा है।





बढ़ेगी एयरलाइंस कंपनियों की उड़ानें





मिली जानकारी के अनुसार उद्घाटन से पहले देवघर एयरपोर्ट में उड़ान का ट्रायल स्पाइसजेट और इंडिगो द्वारा किये जाने के बाद दिल्ली में तीन एयरलाइंस कंपनियाें के साथ एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों की बैठक होगी।इसमें एयर एशिया, विस्ट्रा और गो एयर है।इन कंपनियों को पहले ही देवघर एयरपोर्ट द्वारा प्रस्ताव भेजा गया है।एक बार देवघर एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू होने के बाद छह माह के अंदर यहां रात्रि हवाई सेवा और हाई ग्रेड विमान सेवा शुरू करने की तैयारी है।रात्रि हवाई सेवा परिचालन के लिए तीनों एयरलाइंस कंपनियों से वार्ता होगी।





गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि श्रावणी मेला से पहले देवघर एयरपोर्ट को चालू करने की सारी तैयारी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने तैयारियों पर मुहर लगा दी है।अपना देवघर एक नया इतिहास रचने की दिशा में है।जल्द ही हवाई सेवा शुरू हो जायेगी।पीएम नरेंद्र मोदी देवघर समेत संताल परगना के विकास व कनेक्टिविटी की सुविधा देने के प्रति गंभीर है।