पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त माधवी मिश्रा के निर्देशानुसार विधानसभा चुनाव के द्वितीय चरण 20 नवंबर के लिए मतदान कार्य में लगे पदाधिकारियों,मतदानकर्मियों,पुलिस के जवान,सुरक्षा बलों के लिए मंगलवार 12 नवंबर से 17 नवंबर तक पोस्टल बैलट से मतदान करने की सुविधा प्रारंभ हुई। पोस्टल बैलट से मतदान करने की सुविधा विभिन्न फैसिलिटेशन सेंटर में की गई है।





मंगलवार को श्री श्री लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट महिला महाविद्यालय में बने फैसिलिटेशन सेंटर में मास्टर ट्रेनर दिलीप कुमार कर्ण, राज कुमार वर्मा सहित चुनाव कार्य में प्रतिनियुक्त कई कर्मियों ने पोस्टल बैलट से अपने मताधिकार का प्रयोग किया।वहीं समाहरणालय के फैसिलिटेशन सेंटर में आईटी मैनेजर रुपेश मिश्रा, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर सुशांत कुमार, बिजनेस एनालिस्ट आनंद कुमार पटेल, एसएमपीओ विनीता कुमारी सहित अन्य ने पोस्टल बैलट से मतदान किया।





पोस्टल बैलट कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक ने बताया कि पोस्टल बैलट से मतदान करने का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।इसके लिए उपायुक्त के निर्देशानुसार 12 नवंबर से 17 नवंबर तक समाहरणालय के फर्स्ट फ्लोर,पीके राय मेमोरियल कॉलेज, श्री श्री लक्ष्मी नारायण ट्रस्ट महिला महाविद्यालय, गुरु नानक कॉलेज भुदा, पुलिस लाइन, गोविंदपुर जैप 3, रेलवे पुलिस लाइन और सिविल सर्जन कार्यालय में फैसिलिटेशन सेंटर बनाए गए हैं। जहां 12 से 17 नवंबर तक संबंधित पदाधिकारी या कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।





पोस्टल बैलट कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक ने बताया कि चुनाव कार्य में लगे चालक,उपचालक और परिवहन कोषांग के कर्मियों के लिए 16, 17 एवं 18 नवंबर को गोल्फ ग्राउंड में फैसिलिटेशन सेंटर बनाया जाएगा। जबकि छुटे हुए चुनाव कार्य में लगे कर्मियों के लिए 19 नवंबर को धनबाद पॉलिटेक्निक, कृषि बाजार एवं निरसा पॉलिटेक्निक में फैसिलिटेशन सेंटर मौजूद रहेगा।