पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,चतरा। जिले के प्रतापपुर प्रखंड के अंचल अधिकारी नित्यानंद दास पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सूचना है कि अंचल अधिकारी के अंगरक्षक पर भी हमला किया गया। यह घटना प्रतापपुर प्रखंड के टंडवा पंचायत के दोमुहान गांव में घटी।
प्राप्त खबरों के अनुसार अंचल अधिकारी एक भूदान संबंधी भूमि विवाद के मामले को निपटने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे हुए थे। घटनास्थल पर प्राप्त सूचना के अनुसार भूमि विवाद के मामले में रामकिशुन भारती को पेड़ से बांधकर पीटा जा रहा था। अंचल अधिकारी जब घटना स्थल पर जाकर समझने का प्रयास किया तो उग्र ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया और उनके वाहन पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतापपुर थाना की पुलिस सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद अंचल अधिकारी नित्यानंद दास को वहां से सुरक्षित निकाला और उन्हें रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। अंचल अधिकारी के बयान के आधार पर पुलिस द्वारा कानूनी प्रक्रिया की जाने की बात सामने आ रही है।





