बच्चों में पढ़ाई के प्रति दिलचस्पी जगाएं : डीसी
22 जून से 15 जुलाई तक चलेगा बैक टू स्कूल कैंपेन
ब्यूरो प्रमुख,हजारीबाग। नगर भवन में सोमवार को झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में आयोजित जिलास्तरीय स्कूल रूआर पर एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त नैंसी सहाय ने शुभारंभ के मौके पर कहा कि शिक्षक बच्चों में पढ़ाई के प्रति दिलचस्पी जगाएं और उन्हें प्रेरित करें। 22 जून से 15 जुलाई तक चलने वाले बैक टू स्कूल कैंपेन के दौरान घर-घर जाकर छूटे या ड्रॉपआउट बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराएं।
सबसे बड़ी चुनौती बच्चों के स्कूलों में ठहराव की है। इसके लिए विभिन्न शिक्षाप्रद, संदेशपरक और मनोरंजक गतिविधियों से उन्हें स्कूलों से जोड़े रखें। इसके लिए आमजन से लेकर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं व संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सहयोग लें। इस अभियान में शिक्षक और शिक्षा से जुड़े सभी कर्मियों व पदाधिकारियों की अहम भूमिका है। अभिभावकों को भी प्रेरित करने की जरूरत है कि वह बच्चों को पढ़ाएं और स्कूल जरूर भेजें। इस क्षेत्र की बेहतरी के लिए जिला प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। इसमें सामाजिक सहभागिता की आवश्यकता है। इस अभियान को प्लान बनाकर सफलतापूर्वक अंजाम देने की आवश्यकता है, उन्होंने मैट्रिक-इंटर नतीजे में हजारीबाग के राज्य में बेहतर मुकाम हासिल करने पर शिक्षकों और शिक्षा पदाधिकारियों को बधाई दी।
बतौर विशिष्ट अतिथि प्रशिक्षु आईएएस शताब्दी मजूमदार ने कहा कि बच्चों के नामांकन से ज्यादा जिम्मेवारी उनके स्कूलों में ठहराव की है। विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के जरिए बच्चों में विद्यालय और पढ़ाई के प्रति जज्बा जगाया जा सकता है। इसमें समाज के हर वर्ग के लोगों की सहभागिता की जरूरत है। इससे पहले विषय प्रवेश कराते हुए डीइओ उपेंद्र नारायण ने कहा कि अभियान चलाकर ड्रॉपआउट और अनामांकित बच्चों को स्कूल से जोड़ा जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने प्लान तैयार कराया है।इससे पहले बैक टू स्कूल कैंपेन का विजुअल पर्दे पर दिखाया गया।
इससे पहले पदमा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। मंच संचालन झारखंड शिक्षा परियोजना के संजय तिवारी और इचाक की बीपीओ वंदना श्रीवास्तव ने किया। मौके पर बतौर विशिष्ट अतिथि जिला कोषागार पदाधिकारी उज्ज्वल कुमार चौरसिया, बरकट्ठा विधायक के प्रतिनिधि आजाद, शिक्षाप्रेमी बटेश्वर प्रसाद मेहता, झाशिप के एडीपीओ सुनीला लकड़ा, एआरपी लालिमा ज्योत्सना लकड़ा, एओ रवि कुमार सिन्हा, अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार, अख्तरी खातून, मधुसूदन, जय नारायण दास, अनुपमा रानी, बीइइओ, बीपीओ, बीआरपी-सीआरपी और झारखंड शिक्षा परियोजना के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।





