प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बर्मामाइंस थाना अंतर्गत एनएमएल टिस्को डंपिंग के पास होटल कर्मचारी परसुडीह गोल पहाड़ी निवासी 18 वर्षीय बबलू बैठा से तीन युवकों ने मोबाइल छिनतई का प्रयास किया। वहीं जब युवक ने इसका विरोध किया तो तीनों युवकों ने चाकू से उसका गला रेतकर फरार हो गए। जिसके बाद बबलू घायल अवस्था में अपने होटल पहुंचा। जहां से उसके फूफा सुगारत साहू उसे लेकर सीधे थाने पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से की।इस दौरान पुलिस ने उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका चल रहा है। उसके गर्दन पर कई टांके भी लगे। डॉक्टर ने बताया कि युवक का पूरा गर्दन चाकू से रेत दिया गया था और सिर्फ 3 उंगली ही बाकी रह गई थी।
मामले में भुक्तभोगी बबलू ने बताया कि वह अपने फूफा के साथ पिछले छह माह से खाने के झोपड़ीनुमा होटल में काम करता है। वहीं शुक्रवार की सुबह 11 बजे साइकिल लेकर शौच करने के लिए वह एनएमएल टिस्को डंपिंग के पास गया था। जहां से वापस लौटने के दौरान उसे ब्लू पैंट और सफेद शर्ट पहने तीन युवकों ने रोका। जिसके बाद उसे मोबाइल निकालकर टाइम बताने के लिए कहा। मगर उसका मोबाइल बंद था। इसलिए उसने टाइम बताने में असमर्थता जताई। जिसके बाद तीनों युवक उससे मोबाइल का छिनने का प्रयास करने लगे। जिसका विरोध करने पर पीछे से एक युवक ने चाकू से उसका गर्दन रेत दिया। जिससे लहूलुहान होकर वह जमीन पर गिर गया। यह देखकर तीनों युवक वहां से फरार हो गए। किसी तरह साइकिल चलाकर वह होटल पहुंचा। जिसके बाद उसके फूफा उसे लेकर थाने पहुंचे। फिलहाल पुलिस हुलिए के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।





