रांची। भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि वर्तमान सरकार ने 28 माह में लूट का राज कायम किया है। हेमंत सोरेन सरकार को उखाड़ फेंकने तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा। बाबूलाल मरांडी प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से सोमवार को बातचीत कर रहे थे।उन्होंने पलामू डीसी और रांची डीसी पर भी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सोरेन परिवार ने लूट का राज कायम किया है़। भ्रष्टाचार से राज्य शर्मसार हुआ है। सरकार ने नियम-कानून को बदलकर खुद का नियम बना लिया है, इसलिए राज्य की दुर्दशा हो गयी है।





बाबूलाल ने कहा कि कही भी जाइए लोग झारखंड में भ्रष्टाचार, लूट, करप्शन और बदहाल कानून व्यवस्था की चर्चा करते हैं। राज्य में बड़े पैमाने पर अवैध माइनिंग हो रही है।सीएम और उनके सलाहकार व विधायक प्रतिनिधि के साथ ही अफसरों ने भी खनन लीज हासिल की है।पाकुड़ में ग्रैंड माइनिंग कंपनी में बसंत सोरेन पार्टनर हैं। पिछली सरकार ने उन पर जुर्माना लगाया था, लेकिन उक्त कंपनी ने आज तक जुर्माना जमा नहीं किया।





बाबूलाल ने कहा कि वन विभाग की जमीन में माइनिंग प्वाइंट तक सड़क बनाने को लेकर विभाग ने केस कराया था।इस पर भी आज तक कार्रवाई नहीं हुई।राज्य सरकार ने शराब के लिए पहले टेंडर निकाला।मनपसंद संवेदक को पसंद नहीं आने पर नियमावली बदली गयी। गत दो वर्षों में विधानसभा सत्र के दौरान बालू का मामला उठाया।





बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा 30 मई के बाद हेमंत सोरेन सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जोरदार आंदोलन करेगी।यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक इस सरकार से राज्य की जनता को मुक्ति नहीं दिला देते।सरयू राय के बयान पर बाबूलाल ने कहा कि वे जिस समय के मामले की बात करते हैं उस समय वह भाजपा के साथ थे।रघुवर दास ने खुद भी कहा है कि मामले में राज्य सरकार जिस एजेंसी से चाहे जांच करा ले।