पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,लातेहार।बालूमाथ प्रखंड स्थित रेलवे का कार्य कर रही साई कृपा कंपनी और रेलवे कोयला साइडिंग के समीप गुरुवार सुबह कुछ अज्ञात अपराधियों ने कोयला लोड हाइवा वाहन को निशाना बनाकर फायरिंग की। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अवर निरीक्षक परमानंद बिरुआ,थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पुलिस के अन्य अधिकारी रेलवे साइडिंग पर पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी ली।
इस संबंध में कुछ वाहन चालकों ने बताया कि सुबह चार बजे के लगभग मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुछ अपराधी साइडिंग के अंदर आए और वाहनों को निशाना बनाकर गोलियां चलाई। अपराधियों ने इस दौरान लगभग 10 से 15 फायरिंग किया। उसके बाद अपराधी घटनास्थल से फरार हो गए।
बताते चलें कि लातेहार जिले में पिछले कुछ दिनों से अपराधियों द्वारा लगातार अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।कोयला व्यवसाय को अपराधी सबसे ज्यादा निशाना बना रहे हैं। लगातार हो रही अपराधी घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बनता जा रहा है।कुछ लोगों द्वारा इस घटना का अंजाम मयंक सिंह गिरोह द्वारा किए जाने का आशंका जताई जा रही है। हालांकि हाल के दिनों में ऐसी घटना को अंजाम देने वाले कुछ अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
घटना को लेकर स्थानीय पुलिस ने कहा कि घटनास्थल से 10 से 12 गोलियों का खोखा बरामद हुआ है। अपराधियों के धर पकड़ के लिए जगह-जगह छापामारी की जा रही है।जल्द ही घटना में शामिल अपराधी पुलिस के गिरफ्त में होंगे।





