प्रतिनिधि,पिपरवार (चतरा)। मौसम के अचानक मिजाज बदलने और बिन मौसम बरसात होने के कारण पिपरवार कोयलांचल क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले किसानों के द्वारा लगाई गई गेंहू, चना और सब्जी की फसल को काफी नुकसान हुआ है। तेज बारिश के कारण खेतों में तैयार टमाटर की फसल पूरी तरह से बरबाद हो गई है। अधिकांश टमाटर के फल टूटकर खेतों में जहां-तहां बिखरे पड़े हैं।वहीं खेतों में लगाए गए कलकतिया सीम के पौधे भी नष्ट हो गए हैं। इसके अलावा खेतों में लगे मटर, चना, गेंहू और रहर के फसल को भी काफी नुकसान हुआ है।





किसानों ने बताया कि गेंहू और चना की फसल तैयार हो चुकी है,लेकिन तेज बारिश के कारण पौधे में लगे फल खेतों में गिर गए, जिसे चुनकर एकत्र कर पाना मुश्किल है। सब्जी की खेती कर अपना और अपने परिवार का भरण पोषण करने वाले किसान भूमि कुमार महतो ने कहा कि बिन मौसम बारिश के कारण टमाटर की तैयार फसल पूरी तरह से बरबाद हो गया, फसल खराब हो जाने के कारण टमाटर के खरीददार नहीं मिल रहे हैं, जिसके कारण हम किसान अधिकांश खराब टमाटर को खेत में ही छोड़ दिया है, किसान पवन कुमार महतो ने बताया कि बारिश के कारण काफी मेहनत से की गई हरी सब्जी की फसल पूरी तरह से बरबाद हो गया।