प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बिरसानगर थाना अंतर्गत जोन नंबर 1 लालटांड़ काली मंदिर के पास सोमवार की सुबह लगभग 10: 30 बजे नेहा सिंह को उसकी देवरानी पूजा सिंह और देवर अमित कुमार सिंह उर्फ सोनू कुमार ने मारपीट कर घायल कर दिया।
नेहा का आरोप है कि देवरानी ने उसे पकड़कर रखा था और देवर अपने हाथ के कड़े से मारकर उसका सर फोड़ दिया। इस दौरान देवर ने उसके कमर और प्राइवेट अंगों पर भी वार किया। जबकि बीच बचाव करने आई उसकी बहन रूपा सिंह को भी उन्होंने नहीं बक्सा और उसके साथ भी इसी तरह मारपीट की।सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल दोनों बहनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। जहां नेहा सिंह का इलाज इमरजेंसी विभाग में चल रहा है।
घायल नेहा सिंह ने बताया कि पति दीपक कुमार सिंह, ससुर प्रवीण सिंह और सास रेणु देवी के कहने पर ही देवर और देवरानी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की है। उसने बताया कि 20 मई 2013 को उसकी शादी दीपक के साथ हुई थी। उसका मायका बिरसानगर हुरलूंग में है। दोनों को एक नौ साल का बेटा भी है। शादी के बाद से ही पति मां की सम्पत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं। पहले पति टाटा मोटर्स कंपनी में बाई सिक्स कर्मचारी थे। मगर 2019 में जालसाजी करने के मामले में उन्हें कंपनी से निकाल दिया गया। तब से वे आदित्यपुर स्थित मसाला फैक्ट्री में काम करते हैं। देवर और देवरानी दिल्ली में रहते थे। दो माह से सास ने उन्हें यहां बुलाकर मुझे और ज्यादा ज्यादा प्रताड़ित कर रहे हैं। वह खाना बनाकर रख देती है। जिसके बाद सभी खाना खाकर बचा हुआ खाना फेंक देते हैं। जिसके कारण उसे भूखा ही रहना पड़ता है। वहीं सोमवार की सुबह भी उसे प्रताड़ित कर रहे थे। जिसकी सूचना फोन कर उसने बहन को दी और खुद को कमरे में आत्महत्या करने के लिए बंद कर लिया। सूचना पाकर बहन ने स्थानीय थाने पहुंचकर इसकी जानकारी पुलिस कर्मियों को दी। साथ ही बहन के घर पहुंचने पर उससे भी मारपीट की गई। जब वह कमरे से निकली तो उसे भी पीटा। तब तक पुलिस भी पहुंच गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





