कानपुर।बिल्हौर इलाके में फिर आज एक सिपाही की हत्या हो गई।यह वही क्षेत्र है जहां दो साल पहले आठ सिपाहियों की हत्या करने वाले अपराधी विकास दुबे का गांव बिकरू आता है।विकास दुबे कांड से सिपाही की हत्या के तार भले न जुड़े हो,लेकिन जिस तरह धारदार हथियार से सिपाही की हत्या हुई है,उससे बिकरू कांड की याद ताजा हो गई।
जानकारी के मुताबिक बिल्हौर थाने में तैनात सिपाही देश दीपक पास के ब्रह्मनगर में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। रोज की तरह बुधवार शाम अपने कमरे में आ गए थे। मूलरूप से फिरोजाबाद के दयापुर पोस्ट पहाड़न निवासी 30 वर्षीय सिपाही देश दीपक थाने में वर्ष 2019 से तैनात है और गैर जनपद में तामीला का कार्य देखते थे। उसका रूम पार्टनर वीआईपी ड्यूटी पर गया हुआ था। गुरुवार की सुबह कांस्टेबल ने देश दीपक को फोन किया, लेकिन कॉल नहीं उठने पर साथी कांस्टेबल कमरे में पहुंचा तो दंग रह गया। उसने देखा की देश दीपक का खून से लथपथ शव बेड पर पड़ा हुआ था।
इस बारे में कस्बा प्रभारी आलोक तिवारी ने बताया कि गुरुवार सुबह सिपाही के स्वजन ने कोतवाली में सूचना दी कि उनका मोबाइल फोन बुधवार से स्विच ऑफ बता रहा है। इस पर वह कोतवाली से सौ मीटर दूर ब्रह्मनगर स्थित सिपाही के कमरे पर पहुंचे तो कमरे में बाहर से ताला बंद मिला। अंदर पंखा चलने की आवाज पर अनहोनी की आशंका से कमरा खुलवा कर देखा तो चारपाई पर लहूलुहान हालत में सिपाही का शव पड़ा था। उसके गले पर धारदार हथियार से जख्म के निशान मिले।
इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया है। स्वजन को सूचना दी गई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। सिपाही की हत्या किसने और क्यों की पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है। एसपी आउटर ने बताया कि हत्यारे ने गमछे से पहले गर्दन कसी इसके बाद धारदार हथियार से गर्दन रेतकर हत्याकांड को अंजाम दिया। मृतक सिपाही के गले में गमछा कसा हुआ था। नृशंस हत्याकांड को देखकर अफसर भी दंग हैं कि आखिर कांस्टेबल की हत्या किसने और क्यों की है।
एडीजी भानु भास्कर का कहना है कि फॉरेंसिक टीम से साक्ष्य इकठ्ठा कराये जा रहे हैं। सिपाही अकेले रहता था, अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चला है।हमारी कई टीम जांच में लगी है।
सिपाही की 22 अप्रैल को शादी हुई थी। कुछ दिन पहले ही शादी की छुट्टी पूरी करके ड्यूटी पर लौटा था। पुलिस हत्याकांड के पीछे प्रेम संबंध को भी जोड़कर देख रही है। सिपाही की कॉल डिटेल समेत अन्य जांच की जा रही है, जिससे कि हत्याकांड का खुलासा हो सके।





