प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बिष्टुपुर थाना अंतर्गत खरकाई पुल के पास शुक्रवार की संध्या ब्राउन शुगर खरीद बिक्री करने की मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर दो युवक बिना नंबर की बाइक से भागने लगे। जिन्हें पुलिस ने मोतीमहल रेस्टोरेंट के पास खदेड़कर पकड़ा। इस दौरान तलाशी के क्रम में पुलिस ने दोनों के पास से चार पुड़िया ब्राउन शुगर, मोबाइल, चाकू और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की। जिसके बाद पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने चली आई।
एसआई अमरेंद्र कुमार मंडल के बयान पर थाने में दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर शनिवार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जेल जाने वाले आरोपियों में मानगो राजस्थान भवन के पास रहने वाला शिवराज चौधरी उर्फ डब्लु और मानगो डिमना रोड सुभाष कॉलोनी निवासी दीप पाल शामिल है।





