प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बीते शुक्रवार साकची पुराना कोर्ट के पास बाइक सवार तीन आरोपियों ने गोलमुरी रामदेव बागान निवासी गौरव अग्रवाल से मोबाइल की छिनतई कर ली। वहीं घटना के बाद भुक्तभोगी ने चिल्लाते हुए बाइक सवार आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर राहगीर भी आरोपियों के पीछे लग गए। वहीं भागने के क्रम में तीनों आरोपी बिष्टुपुर थाना अंतर्गत बेल्डीह चर्च स्कूल के पास अनियंत्रित होकर गिर गए। जिसके बाद पीछा कर रहे भुक्तभोगी समेत स्थानीय लोगों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। जबकि तीसरा आरोपी फरार होने में सफल रहा। इस दौरान पकड़ाए आरोपियों की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी।





सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से बचाकर हिरासत में लेते हुए थाने चली आई। जहां भुक्तभोगी के बयान पर थाने में आरोपियों के विरुद्ध एक मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सोनारी न्यू ग्वाला बस्ती निवासी रोहित सिंह सरदार उर्फ मोटा और करण सिंह शामिल है। जबकि घटना में शामिल तीसरे आरोपी झंडू दास की तलाश पुलिस कर रही है।





गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने छिनतई किया हुआ मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद किया है। जिसमें स्कूटी का नंबर लगा हुआ था। पुलिस को आशंका है कि बाइक चोरी की हो सकती है। जिस पर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपी को शनिवार पुलिस ने जेल भेज दिया है।