जमशेदपुर।बिहार पुलिस ने झारखंड के जमशेदपुर जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ आसनबनी स्थित साईं मोटर के गोदाम में छापेमारी कर 300 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत लगभग 30 लाख रुपए बतायी जा रही है। ये छापेमारी बिहार पुलिस के इंस्पेक्टर नवीन सिंह की अगुवाई में की गयी।नवीन सिंह ने बताया कि पिछले 15 दिनों के भीतर बिहार के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों बिहाटा और बेगूसराय सदर से दो ट्रक शराब पकड़ी गयी थी।





इंस्पेक्टर नवीन सिंह बताया कि पूछताछ के दौरान बताया गया कि झारखंड के सरायकेला-खरसांवा जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित साईं मोटर के गोदाम से शराब लायी गयी है। जिसके बाद चांडिल पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गयी और भारी मात्रा में 300 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गयी। उन्होंने बताया कि गोदाम के संचालक की पहचान कर ली गयी है। उसका नाम विक्रम सिंह है। इसके अलावा इस अवैध धंधे में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान हो गयी है। जल्द इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जायेगा।





इंस्पेक्टर नवीन सिंह ने बताया कि बिहार के बाजार मूल्य के हिसाब से जब्त शराब की कीमत करीब 30 लाख है। बिहार पुलिस की इस कार्रवाई के बाद चांडिल इलाके में सनसनी फैल गयी है। चांडिल थाना प्रभारी शंभू शरण दास ने बताया कि छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब जब्त की गयी है। फिलहाल, जब्त शराब चांडिल थाना में रखी गयी है।