बलिया।उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के बलिया जिले की बांसडीह विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी की विधायक केतकी सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो में भाजपा विधायक तहसीलदार प्रवीण कुमार सिंह को धमकी दे रही हैं कि तुम्हारी तहसील में आग लगा देंगे।दरअसल तहसीलदार द्वारा एक गांव की ग्राम सभा की जमीन पर अवैध रूप कब्जा कर बने हुए घर को गिराने के लिए बुलडोजर भेजा गया था,जिसके बाद भाजपा विधायक ने तहसीलदार को धमकी देते हुए कहा जा रहा है कि आपने मेरी बात का सम्मान नहीं किया और बुलडोजर भेज दिया।अगर उसका घर गिर जाता तो आपके तहसील में आग लगा देती।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस वीडियो को शेयर किया है।उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर यूपी सरकार पर सवाल उठाए हैं।
सपा मुखिया ने ट्वीट कर लिखा है कि विकास कार्यों के नाम पर जिस बेहिसाब दर पर सत्ता से जुड़े लोगों को करोड़ों का मुआवज़ा दिया जा रहा है,वही दर आम आदमी को भी दी जाए व उनको भी जिनके जायज़ निर्माण पर केवल विद्वेषवश बुलडोज़र चलाया गया है।भाजपाइयों को लाभ पहुचाने में मुआवज़ा भ्रष्टाचार का नया तरीक़ा बन गया है।





