प्रतिनिधि, दुमका। समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को विधानसभा चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे की अध्यक्षता में बैंक,उत्पाद और आयकर विभाग के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
विधानसभा चुनाव को लेकर आयोजित इस बैठक में उपायुक्त ने बैंक के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों को कई महत्वपूर्ण बैठक निर्देश दिए। इस बैठक में चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने और वित्तीय गतिविधियों की निगरानी पर जोर दिया गया।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उत्पाद और आयकर विभाग को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध धनराशि का उपयोग न हो सके।
बैठक में यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि बैंक चुनाव अवधि के दौरान सभी लेनदेन पर विशेष ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध लेनदेन की तुरंत सूचना व्यय कोषांग को दें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बैठक में बैंक के प्रतिनिधियों को यह भी अवगत कराया कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशी अधिकतम 40 लाख रुपये खर्च कर सकते हैं। इस संदर्भ में बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रत्याशियों द्वारा किए जा रहे खर्च की निगरानी करें और उसकी रिपोर्ट समय-समय पर संबंधित कोषांग को समर्पित करें। चुनाव को प्रभावित करने वाले किसी भी संदिग्ध लेनदेन की सूचना तुरंत दी जानी चाहिए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 10 लाख रुपये से अधिक की राशि पकड़ी जाती है, तो आयकर विभाग तुरंत अपने स्तर से कार्रवाई करेंगे। इसके अतिरिक्त उत्पाद विभाग ने जानकारी दी कि अब तक 76.400 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत 21,354 रुपये है।





