धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने जानकारी दी है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के लिए शनिवार की सुबह 6 से शाम 4 बजे तक के लिए खोला जा रहा है। साथ हीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ई-पास की सुविधा भी शुरू की गई है।
श्रद्धालु इस http://jharkhanddarshan.nic.in के जरिए ऑनलाइन इंट्री पास प्राप्त कर सकते हैं।श्रद्धलु पास के जरिए ही भक्त बाबा बैद्यनाथ मंदिर में प्रवेश कर पूजा-अर्चना कर सकते हैं। इसके लिए आवश्यक है कि अधिक से अधिक लोगों को ऑन-लाइन इंट्री पास से मंदिर में प्रवेश के संबंध में जागरूक किया जाए, ताकि जानकारी के अभाव में किन्हीं को भी किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। वहीं कोविड नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रति घंटे 100 श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी।
उपायुक्त ने बाबा मंदिर में ऑनलाइन निबंधन ई-पास को लेकर मंदिर से जुड़े पुरोहित व पंडा समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा है कि 18 सितंबर से बाबा मंदिर में ई-पास के माध्यम से आम श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। ऐसे में आवश्यक है कि पुरोहित/पंडा समाज के सभी लोग अपने माध्यम से अपने-अपने यजमानों को ऑन-लाइन इंट्री पास के बारे में जानकारी दें व उन्हें ई-पास लेकर ही मंदिर में आने के लिए प्रेरित करें। साथ हीं उन्हें बताएं कि बिना ई-पास मंदिर में दर्शन करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। इसके अलावे सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि शत-प्रतिशत नियमों का अनुपालन करते हुए जारी वेबसाइट से ई-पास निबंधन कराने के पश्चात मंदिर में प्रवेश की अनुमति होगी





