प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत सबर टोला निवासी आदिम जन जाति के लोगों ने मंगलवार जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय स्थित डालसा कार्यालय पहुंचकर सचिव नितीश नीलेश सांगा से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्याओं से रूबरू कराया।
उन्होंने समस्याओं के बारे में बताते हुए कहा कि पहाड़िया टोला तक जाने के लिए रास्ता काफी खराब है। साथ ही राशन एवं पेंशन नियमित रूप से न मिलने की शिकायत भी उन्होंने सचिव से की। उन्होंने कहा कि डीलर द्वारा घर से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर राशन उतार दिया जाता है। जबकि घर तक राशन पंहुचाने का प्रावधान है। कुछ लोगों की पेंशन राशि कई माह से बैंक खाता में नही आ रहा है। जिसकी लिखित शिकायत बोड़ाम बीडीओ को करने के बाद भी अब तक समाधान नहीं हो सका है। वहीं सुकुरमनी पहाड़िया नामक महिला को कई माह से राशन तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। जबकि उसके नाम का राशन कार्ड भी बना हुआ है।
इस साल ठंड से बचाव के लिए 12 सबर परिवारों के किसी भी सदस्य को कम्बल वितरण नहीं किया गया है। जबकि 12 परिवारों में से 8 परिवार के नाम बिरसा आवास स्वीकृत हो चुका है और खाता में पहला किस्त भी आ चुका है। मगर वन विभाग की आपत्ति के कारण आवास नहीं बन पाया है। इसी तरह पांच परिवारों को वन पट्टा भी मिला है। उन्होंने ने डालसा सचिव से मिलकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। वहीं सारी समस्याएं सुनने के बाद सचिव नीतिश निलेश सांगा ने सार्थक समाधान करने का आश्वासन भी उन्हें दिया है।





