रांची।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवैध खनन मामले में पूछताछ के लिए जारी समन में सीएम सोरेन गुरुवार को ईडी के जोनल कार्यालय पहुंचे।सीएम सोरेन राज्यपाल रमेश बैस पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्यपाल संवैधानिक पद पर रहते हुए षड्यंत्रकारी दल को संरक्षण दे रहे हैं।झारखंड के मौजूदा सियासी हालात के लिए राज्यपाल जिम्मेदार हैं।राज्यपाल इधर एटम बम फटने की बात करते हैं तो दूसरी ओर राज्य में ईडी और आयकर की छापेमारी शुरू हो जाती है।





सीएम सोरेन ने कहा कि मैं एक राज्य का मुख्यमंत्री हूं और संवैधानिक पद पर हूं।इसके बाद भी ऐसा बर्ताव किया जा रहा है जैसे मैं एक भगोड़ा हूं।सीएम ने कहा कि चुनाव आयोग ने दो महीने पहले ही अपनी रिपोर्ट राज्यपाल को भेज दी थी, लेकिन राज्यपाल पता नहीं किस मौके का इंतजार कर रहे हैं। झारखंड में 1 हजार करोड़ रुपये से अधिक के अवैध खनन मामले में ईडी के समन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय पहुंचे थे। सीएम सोरेन ने कहा कि हमारे कार्यकाल में राजस्व में वृद्धि हुई है।विकास की नई लकीर खींची जा रही है। हमें मिले प्रचंड बहुमत से विपक्ष हाशिए पर है।लगातार उनकी सरकार के खिलाफ षड्यंत्र रचे जा रहे हैं।





राज्यपाल करा रहे हैं राजनीति





ईडी कार्यालय में पेशी से पूर्व सीएम सोरेन ने अपने आवास पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्यपाल रमेश बैस षड्यंत्रकारी दल को संरक्षण दे रहे हैं,राज्यपाल ही राजनीति करा रहे हैं,राज्य में उत्पन्न मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति के लिए कोई और नहीं, बल्कि खुद राज्यपाल जिम्मेदार हैं। सीएम सोरेन ने कहा कि ईडी ने जिस प्रकार से उन्हें समन जारी किया है,जैसे लगता है कि वह देश छोड़ कर भागने वाले हैं।





सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम





सीएम सोरेन की ईडी कार्यालय में पेशी और राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदर्शन को देखते हुए ईडी कार्यालय के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस की तैनाती खासतौर पर रांची के एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय और भाजपा कार्यालय सहित अन्य संवेदनशील जगहों पर की गई थी।प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पहले ही धारा 144 लागू कर दी थी।