गुमला।झारखंड के गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के नवागढ़ पतराटोली गांव में प्रेमी ने प्रेमिका पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।बीच बचाव कर रही प्रेमिका की मां और बहन पर भी प्रेमी ने जानलेवा हमला किया।
जानकारी के अनुसार पतराटोली गांव की 18 वर्षीय रोशनी कुजूर का प्रेम प्रसंग डोभडोभी के 21 वर्षीय जॉनसन खेस के साथ चल रहा था,लेकिन पिछते एक साल से दोनों के बीच बातचीत बंद थी।शुक्रवार को जब रोशनी अपनी मां दोमनिका कुजूर और बहन रोजीमाला कुजूर के साथ खेत में धान काट रही थी,तभी जॉनसन वहां पहुंचा।जाॅनसन ने रोशनी से पूछा कि वह उससे बात क्यों नहीं कर रही है।इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।फिर गुस्से में आकर जाॅनसन ने रोशनी के हाथ से हंसिया छीनकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।ताबड़तोड़ हमले से रोशनी चीखने-चिल्लाने लगी। बीच बचाव के लिए रोशनी की मां और बहन वहां आईं,लेकिन जॉनसन का गुस्सा सातवें आसमान पर था उसने उन दोनों पर भी हमला कर दिया और वहां से फरार हो गया।
आस-पास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। तीनों घायलों को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया।रोशनी की गंभीर हालत देखते हुए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया है।वहीं रोशनी की मां और बहन का सदर अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर जॉनसन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस जाॅनसन की तलाश में जुटी है।
रायडीह थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि जॉनसन ने रोशनी की गर्दन,पेट और सिर में कई वार किए हैं।रोशनी की हालत नाजुक बनी हुई है।रोशनी की मां और बहन के हाथ में चोट लगी है।





