रांची। झारखंड में राज्‍यसभा टिकट के मामले पर झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस में ठनी रार पर भारतीय जनता पार्टी भरपूर मजे ले रही है। भाजपा के छोटे से लेकर बड़े नेता तक अपने आप को गुदगुदाने से नहीं रोक पा रहे। कई के मन में ऐसा लड्डू फूट रहा है जैसे अब गठबंधन सरकार जाने ही वाली हो। इस बीच राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी आदित्य साहू को आजसू पार्टी ने अधिकृत तौर पर समर्थन देने की घोषणा कर दी है। आजसू प्रमुख सुदेश महतो आदित्य साहू के प्रथम प्रस्तावक भी होंगे। राज्यसभा चुनाव के लिए आदित्य साहू मंगलवार को दोपहर 12.30 बजे दो सेटों में नामांकन दाखिल करेंगे। दूसरे सेट में प्रथम प्रस्तावक भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी होंगे।





राज्यसभा चुनाव के नामांकन को लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई।इससे पूर्व सोमवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के नेतृत्व में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने सुदेश महतो से उनके आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के क्रम में एनडीए की एकजुटता पर सुदेश ने मुहर लगाई। सुदेश महतो से मुलाकात करने वालों में भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी आदित्य साहू, विरोधी दल के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह शामिल थे। आदित्य साहू दो सेटों में नामांकन दाखिल करेंगे। प्रत्येक सेट में दस विधायक बतौर प्रस्तावक अपने हस्ताक्षर करते हैं। भाजपा की मंशा नामांकन के दौरान ही अधिक से अधिक संख्या बल दर्शाने की है।





भाजपा विधायक दल की बैठक में आदित्य साहू ने जताया संगठन का आभार





भाजपा प्रदेश कार्यालय में राज्यसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक में प्रत्याशी आदित्य साहू को जीत की अग्रिम बधाई दी गई। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, विरोधी दल के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण सहित डेढ़ दर्जन विधायक उपस्थित थे।





विधायक दल की बैठक में राज्यसभा प्रत्याशी आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष सहित पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के प्रति आभार प्रकट किया।





साहू ने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को बहुत बड़ा सम्मान दिया है। पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने की हरसंभव कोशिश करूंगा। कहा, मेरी कोशिश होगी कि सदन में झारखंड और पार्टी की आवाज बन सकूं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान एक व्यक्ति का नही बल्कि पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं का सम्मान है। इससे पूर्व आदित्य साहू ने अपने परिवार के साथ प्रातः रजरप्पा पहुंचकर देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया।