रांची। झारखंड में चल रहे बिजली संकट पर राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी जबरदस्त हेमंत सोरेन सरकार पर हमला कर रही है।बुधवार को भाजपा ने राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों और अनुमंडलों में बिजली संकट के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन किया।राजधानी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश की अगुवाई में मोरहाबादी के बापू वाटिका में बड़ी संख्या में भाजपाई जुटे और बिजली संकट को लेकर राज्य सरकार से इस्तीफे की मांग करने लगे।
राज्य सरकार से करने लगे इस्तीफे की मांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने इस मौके पर कहा कि राज्य में बिजली कटौती अभूतपूर्व है। इसके लिए राज्य की ठेका-पट्टावाली सरकार जिम्मेदार है।इस सरकार का सिर्फ एक ही मकसद है कि किसी भी तरह से झारखंड की खनिज संपदा को लूटना।चुनाव के समय हेमंत सोरेन ने झूठा वादा किया था कि सरकार बनी तो 100 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे, मुफ्त बिजली तो नहीं मिली , लेकिन जनता को भीषण गर्मी में भी बिजली देखने के लिए तरसना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल से राज्य में न बिजली का एक पोल लगा है और न एक मीटर बिजली का तार।इस बीच राज्य सरकार से इस्तीफें की मांग करने लगे।
कई नेता हुए शामिल
राजधानी रांची में हुए प्रदर्शन में सांसद संजय सेठ, विधायक सी.पी.सिंह, समरी लाल, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय सहित पार्टी के कई अन्य नेता शामिल हुए। उप राजधानी दुमका में पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में भाजपाइयों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के पहले भाजपा कार्यकर्ता शहर के यज्ञ मैदान में एकत्रित हुए और जहां से जुलूस की शक्ल में पुराने समाहरणालय परिसर पहुंचे।
दुमका समेत पूरे राज्य की जनता आक्रोशित
झारखंड भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जिस संथाल परगना से मुख्यमंत्री और उनके परिवार के लोग चुनाव जीतते हैं, उस क्षेत्र की हालत आज किसी से पूछ लीजिए। बिजली, सड़क, पानी सबका टोटा है।आज दुमका समेत पूरे राज्य की जनता आक्रोशित है। प्रदर्शन में राज्य की पूर्व मंत्री लुईस मरांडी, सांसद सुनील सोरेन, पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद समेत कई अन्य नेता भी मौजूद थे। इसके अलावा गिरिडीह, देवघर सहित अन्य शहरों में भी प्रदर्शन की खबरे हैं।





