पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,हजारीबाग।हज़ारीबाग के भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनीष जायसवाल और सदर विधानसभा के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रदीप प्रसाद ने शुक्रवार को चुनावी घोषणा संकल्प पत्र जारी किया है। मौके पर भाजपा प्रत्याशी प्रदीप प्रसाद ने जन कल्याण योजना चलाने की घोषणा की और घोषणा पत्र जारी करते मतदाताओं से समर्थन मांगा।
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि वह बरसों से सदर विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदलने का सपना देखते रहे हैं। मतदाताओं ने आशीर्वाद दिया तो सदर विधानसभा को झारखंड का सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे।
मीडिया से मुखातिब होते भाजपा प्रत्याशी प्रदीप प्रसाद ने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र में पंचायत स्तर पर जन कल्याण केंद्र की स्थापना की जाएगी।ताकि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों को एक ही स्थान पर मिल सके।मासिक जन कल्याण शिविर के साथ 24×7 घंटे हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने की पहल की जाएगी।स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल को राज्य का उत्कृष्ट मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। सदर और प्रखंड स्तर के अस्पताल के आधुनिकीकरण करते हुए सुपर स्पेशलिटी मेडिकल सेंटर में तब्दील किया जाएगा,गरीब तबके के लोगों के लिए मोबाइल क्लीनिक सेवा प्रारंभ की जाएंगी,जीवनरक्षक दवाओं की 24×7 घंटे उपलब्धता रहेगी,जिला से लेकर प्रखंड अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी,क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा के लिए उनकी टीम जनता के लिए काम करेगी,नगर निगम के सहयोग से मशीनीकृत सफाई प्रणाली और वैज्ञानिक कूड़ा प्रबंधन के माध्यम से नगर की नियमित सफाई की जाएगी।
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि इसके अलावा शहर के बाजारों और मुख्य चौराहों पर सार्वजनिक शौचालयों की स्थापना की जाएगी,शहर से लेकर गांव की नालियों का सुदृढ़ीकरण करने का काम चलेगा,मच्छरों के नियंत्रण के लिए नियमित रसायन का छिड़काव किया जाएगा,कोनार डेम परियोजना को पूर्ण करके शहर में हर घर में नल के जरिए शुद्ध पेयजल पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा,ग्रामीण क्षेत्रों में नए चापाकल लगाए जाएंगे,जल की महत्ता को लोगों को समझाते हुए वर्षा जल संचयन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी,बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उनकी टीम 24 घंटा काम करते रहेगी,बुनियादी ढांचे का विकास उनकी प्राथमिकता होगी,सदर विधानसभा क्षेत्र के जर्जर और पुराने सड़क का नवीनीकरण किया जाएगा,रिंग रोड का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जोड़ने के लिए सड़क का जाल बिछाया जाएगा,युवाओं और महिलाओं के विकास के लिए विशेष पहल की जाएगी।
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि पंचायत स्तर पर युवाओं के विकास के लिए आधुनिक पुस्तकालय, ई-लर्निंग सेंटर और कैरियर मार्गदर्शन केंद्र खोले जाएंगे,महिला सशक्तिकरण के लिए बालिकाओं में शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा, स्वयं सहायता समूह का गठन करने के साथ प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि विधायक मद की पारदर्शिता होगी।विधायक मद का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। पंचायत जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से विकास कार्यों की निगरानी की जाएगी। ताकि सदर विधानसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों के जीवन स्तर मे सुधार आए।
इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता उदयभान नारायण सिंह, नगर पश्चिम मंडल अध्यक्ष विवेक वरियार, मनोज श्रीवास्तव और भाजपा नेता उपस्थित थे।





