प्रतिनिधि,जमशेदपुर।टेल्को में पूर्व सैनिक सेवा परिषद के बैनर तले संगठन की तरफ से नौसेना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश पांडे ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।साथ ही मंजीत सिंह द्वारा संगठन गीत प्रस्तुत किया गया। यह संगठन के लिए बहुत ही गौरवान्वित पल था, जब संगठन के सदस्य मनजीत सिंह ने ऑस्ट्रेलिया-पैन पैसिफिक मास्टर गेम्स 2022 में 50 प्लस आयु वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर संगठन ने स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्र देकर उन्हें सम्मानित भी किया।





नौसेना दिवस पर विषय प्रवेश कराते हुए पूर्व नौसैनिक सुखविंदर सिंह ने 1971 के युद्ध के विजय की नींव में नेवी की अचूक रणनीति और अपूर्व पराक्रम को विस्तार से बताया। इस दौरान पूर्व नौसैनिक बिमल कुमार ओझा, राजेश कुमार पांडे, नवेंद्र गांगुली और शशिभूषण सिंह ने भी अपने विचार साझा किये। जबकि पेटी ऑफिसर कुंदन सिंह ने युद्ध के दौरान आइएनएस वीर निफ्ट और निर्घट के साथ राजपूत व अक्षय जैसे जहाजों की तकनीकी विशेषताओं का जिक्र भी किया।





समारोह में बतौर मुख्य अतिथि क्रीड़ा भारती के प्रांतीय मंत्री राजीव एवं तुलसी भवन के सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य के महासचिव प्रसनजीत तिवारी मौजूद थे। वहीं विशिष्ट अतिथि आरएसएस महानगर के रविंद्र मौजूद रहे।मुख्य अतिथि ने मां भारती को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह शौर्यमय दिन हम सभी को सदैव याद रखना चाहिए। जिसके बाद 1971 के युद्ध में आइएनएस खुकरी के 176 नौसैनिकों की शहादत पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। खुकरी के कमान अधिकारी कैप्टन महेंद्रनाथ मुल्ला के त्याग, समर्पण और नौसैनिक मूल्यों को भी याद किया गया।





नौसेना दिवस पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ संगठन के अध्यक्ष, महामंत्री एवं सभी नौसैनिक साथियों के साथ केक काटकर जीत का जश्न भी मनाया गया। विशिष्ट अतिथि महानगर रविंद्र ने कहा कि सेना के रहते बॉर्डर के अंदर किसी भी दुश्मन की कोई भी चाल सफल नहीं हो सकती। इसी तरह सत्य प्रकाश जमशेदपुर महानगर ने कहा कि आप भारतीय सेनाओं के कारण ही सरहद सुरक्षित है। तुलसी भवन के साहित्य सम्मेलन के महासचिव प्रसनजीत तिवारी ने नागरिक परिवेश में संगठन व सेना की विशेषता बताते हुए संगठन युवा पीढ़ी में देश प्रेम की भावना जगा रहा, जो की बेहद सराहनीय कार्य है।





इस अवसर पर नौसेना के पूर्व अधिकारी सह पीएसएसपी सदस्य विमल कुमार ओझा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 4 दिसंबर भारतीय नौसेना के लिए सबसे गौरवपूर्ण दिन है। यह दिन पूरे रक्षा बलों द्वारा भारतीय नौसेना की दक्षता, समन्वय और वीरता को श्रद्धांजलि के रूप में मनाया जाता है। गाजी की प्रसिद्ध जीत उस तारीख को भारतीय नौसेना की पहचान है। आज अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जमशेदपुर द्वारा उन रणवीरों के शौर्य और शहादत को याद किया गया। जीत की खुशी में पीएसएसपी सदस्यों ने मिठाई भी बांटी। इस ऐतिहासिक शौर्य गाथा के उपलक्ष्य में हर वर्ष नौसेना दिवस मनाया जाता है।





कार्यक्रम का संचालन संगठन के महामंत्री जितेन्द्र सिंह ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन नवेन्दु गांगुली ने किया।समारोह में तीनों सेनाओं से सेवानिवृत्त सैनिक, मातृशक्ति एवं सुभाष बाल सेना की सहभागिता रही। कार्यक्रम में संगठन के संस्थापक वरुण कुमार, जिला अध्यक्ष विनय यादव, महामंत्री जितेंद्र सिंह, सत्यप्रकाश, विजय, बिमल ओझा, विजय कुमार, किशोर कुमार, दया भूषण, धनंजय निर्दोष, रमेश प्रसाद, कुन्दन सिंह, डीके सिंह, सुखविंदर सिंह, नवीन कुमार सिन्हा, हरि शंकर पाण्डेय, केशव कुमार वर्मा, दीपक शर्मा, हिरेश कुमार, बिरजू कुमार, एनके गांगुली, कमलेश कुमार, अजय सिंह, नीरज कुमार, गौतम जायसवाल, जेपी स्वर्णकार, नवल किशोर, मनजीत सिंह, बिरेश प्रसाद, निर्मल कुमार, रौशन कुमार सिंह, गौतम लाल, राकेश कुमार पाण्डेय, हरेंद्र मोहन भारती, मुकेश कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद थे।